Bettiah | रवि कुमार मिश्रा |
जमाबंदी का लॉक खोलने के एवज में मांग रहा था घूस, कहा था- सीओ साहब की भी है हिस्सेदारी,
पटना से आई 9 सदस्यीय टीम ने बिछाया जाल, अंचल कार्यालय के भीतर ही दबोचा, चनपटिया का रहने वाला है आरोपी
बेतिया। अंचल कार्यालयों में भ्रष्टाचार का खेल थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार की सुबह करीब 11 बजे पटना से आई निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने बेतिया सदर अंचल कार्यालय में बड़ी कार्रवाई की। टीम ने जमाबंदी का लॉक खोलने के नाम पर 15 हजार रुपये रिश्वत लेते डेटा एंट्री ऑपरेटर राजकुमार को रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। टीम आरोपी ऑपरेटर को अपने साथ पटना लेकर चली गई है। गिरफ्तार ऑपरेटर मूल रूप से चनपटिया का रहने वाला बताया गया है।
अंचल अधिकारी के कार्यालय में ही चल रहा था घूसखोरी का खेल-
हैरानी की बात यह है कि डेटा एंट्री ऑपरेटर राजकुमार यह रिश्वत अंचल अधिकारी के कार्यालय के भीतर ही ले रहा था। पीड़ित भूमि स्वामी बालेश्वर कुमार जो कि बरवत परसाइन के निवासी है, उन्होंने बताया कि गांव में उनकी ढाई धुर जमीन है, जिसकी जमाबंदी लॉक हो गई है। नियमों के मुताबिक, जब तक यह लॉक नहीं खुलेगा, तब तक जमाबंदी ट्रांसफर नहीं हो सकती। यह लॉक सिर्फ सीओ के डोंगल से ही खोला जा सकता है। लॉक हटाने के एवज में ऑपरेटर ने 15 हजार रुपये की मांग की थी और कहा था कि इस राशि में सीओ की भी हिस्सेदारी है, बिना पैसे दिए लॉक नहीं हटेगा।
3 जून को हुई थी शिकायत, 10 जून को जांच में सच आया सामने-
परेशान भूमि स्वामी बालेश्वर कुमार ने हार मानने के बजाय 3 जून को पटना स्थित निगरानी विभाग में इसकी लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद मामले की सत्यता जांचने के लिए 10 जून को निगरानी की एक टीम बेतिया सदर अंचल पहुंची थी। गोपनीय जांच में रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि होने के बाद मंगलवार को इस बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
सादे लिबास में तैनात थी टीम, पैसा हाथ में लेते ही दबोचा-
मंगलवार सुबह निगरानी ब्यूरो के डीएसपी श्यामबाबू कुमार के नेतृत्व में 9 सदस्यीय टीम बेतिया पहुंची। अंचल कार्यालय परिसर में निगरानी के अधिकारी सादे लिबास में आम लोगों की तरह फैले हुए थे। जैसे ही पीड़ित बालेश्वर कुमार ने कार्यालय के अंदर ऑपरेटर राजकुमार को केमिकल लगे 15 हजार रुपये थमाए, वैसे ही पहले से घात लगाए बैठी निगरानी की टीम ने उसे रंगेहाथ दबोच लिया। हाथ धुलवाते ही ऑपरेटर की उंगलियां लाल हो गईं। इस औचक कार्रवाई से अंचल कार्यालय परिसर में हड़कंप मच गया और कई कर्मी व दलाल मौका पाकर खिसक गए।












