देश वाणी – विवेक शर्मा
हरसिद्धि थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संभावित आपराधिक घटना को समय रहते विफल कर दिया। गुरुवार देर रात 2/3 जुलाई 2026 को गुप्त सूचना मिली कि हरसिद्धि थाना क्षेत्र के मटोलहियार चौक पर कुछ अपराधी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक मोतिहारी के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अरेराज के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया और तत्काल मौके पर छापेमारी की गई।
पुलिस टीम के पहुंचते ही अपराधियों में अफरा-तफरी मच गई। घेराबंदी के दौरान एक अपराधी को मौके से दबोच लिया गया, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। गिरफ्तार आरोपी के पास से एक लोडेड देसी पिस्टल, एक जिंदा कारतूस तथा बिना नंबर प्लेट की एक मोटरसाइकिल बरामद की गई। पुलिस ने बरामद हथियार और बाइक को जब्त कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान बब्लू कुमार (21 वर्ष), पिता- लक्ष्मण साह, निवासी मटोलहियार, थाना हरसिद्धि, जिला पूर्वी चंपारण के रूप में हुई है। वहीं, फरार अपराधी की पहचान भी पुलिस द्वारा कर ली गई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि समय रहते की गई कार्रवाई से एक संभावित आपराधिक घटना को टाल दिया गया। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है ताकि उसके अन्य साथियों, हथियार के स्रोत और आपराधिक नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा सके। मामले में कांड दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
इस छापेमारी अभियान में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अरेराज रवि कुमार, पुलिस पदाधिकारी अजय कुमार, हरसिद्धि थानाध्यक्ष सुनील कुमार, अपर थानाध्यक्ष अविनाश कुमार तथा सिपाही प्रिंस कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।












