देशवाणी
बेतिया : पश्चिम चम्पारण जिला के शिकारपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नरकटियागंज प्रखण्ड के बनवरिया पंचायत स्थित मढ़िया गाँव में अनुसंधान के क्रम में पहुँची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त कर दिया। उपर्युक्त घटना में एक पुलिस अवर निरीक्षक व दो अन्य पुलिसकर्मी के घायल होने की खबर है। घायल पुलिस पदाधिकारी और कर्मियों का उपचार अनुमण्डल अस्पताल नरकटियागंज में किया जा रहा है। उपर्युक्त काण्ड में शिकारपुर थाना की पुलिस ने 16 (चिन्हित)ज्ञात और 20 अज्ञात के विरुद्ध काण्ड अंकित कर कार्रवाई प्रारम्भ कर दिया है। पुलिस ने टीम पर हमला करने वालों में एक को गिरफ्तार कर लिया है। सूत्रों के अनुसार मढ़िया गांव की पार्वती देवी ने शिकारपुर थाना में काण्ड अंकित कराया, जिसमें उंसने बताया है कि उनके घर के सामने रास्ता पर कुछ लोगों ने अवैध कब्जा कर लिया है और उनके चार आम के चार पेड़ के साथ आधा दर्जन वृक्ष काट दिया है। पार्वती देवी नामक महिला की शिकायत पर एसआई रविशंकर प्रसाद पुलिस टीम के साथ अनुसंधान करने मढ़िया पहुँचे, पुलिस टीम काटे गए वृक्ष की वीडियोग्राफी और सम्बंधित लोगों से पूछताछ करने के क्रम में दूसरे पक्ष की महिला और पुरुष लाठी-डंडों के साथ पहुँचे और पुलिस टीम से दुर्व्यवहार किया। आरोप है कि हमलावरों ने महिला गार्ड संध्या कुमारी की सेलफोन छीन लिया और पुलिसकर्मियों से मारपीट किया। यह भी बताया गया है कि पुनः सेलफोन लौटा दिया गया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि गाँव के लोगों ने पुलिस गाड़ी के पहिया में कील ठोक दिया, जिससे टायर पंक्चर हो गया। उपर्युक्त मामला में पुलिस ने एक आरोपी मदन राम को गिरफ्तार भी किया है। शिकारपुर थाना के नवागत थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह के अनुसार दोषियों को छोड़ा नहीं जाएगा तथा अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के दृष्टिगत छापामारी निरंतर की जा रही है।












