आशा कुमारी /देशवाणी
मोतिहारी।
तुरकौलिया बाजार में नकली टायर-ट्यूब के कारोबार का खुलासा हुआ है। सीईएट कम्पनी के अधिकृत अधिकारी और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दो दुकानों पर छापेमारी कर भारी मात्रा में बाइक के नकली ट्यूब बरामद किए गए हैं। इस मामले में कम्पनी के अधिकारी के आवेदन पर तुरकौलिया थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सीईएट कम्पनी के अधिकृत अधिकारी धीरज शुक्ला, जो मुजफ्फरपुर जिले के पारु के निवासी हैं, को गुप्त सूचना मिली थी कि तुरकौलिया बाजार में कम्पनी के नाम पर नकली टायर और ट्यूब बेचे जा रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद उन्होंने तुरकौलिया पुलिस के साथ संयुक्त रूप से बाजार स्थित दुर्गा मंदिर के समीप दो दुकानों—सत्यम मोटर्स और शर्मा मोटर सायकल नामक दुकान में छापेमारी की।छापेमारी के दौरान दोनों दुकानों से बड़ी संख्या में सीईएट कम्पनी के नाम पर बेचे जा रहे नकली ट्यूब बरामद किए गए। इसके बाद कार्रवाई करते हुए सत्यम मोटर्स के संचालक बच्चा सिंह और शर्मा मोटर सायकल के संचालक मोहदी शर्मा को मामले में नामजद अभियुक्त बनाया गया है।कम्पनी के अधिकारी धीरज शुक्ला ने बताया कि नकली उत्पाद बेचकर कम्पनी की साख को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा था। उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियों के खिलाफ कम्पनी लगातार सख्त कदम उठा रही है और आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। वहीं, तुरकौलिया थानाध्यक्ष सम्पत कुमार ने बताया कि प्राप्त आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस छापेमारी के बाद स्थानीय व्यापारियों में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने संकेत दिया है कि क्षेत्र में नकली उत्पादों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि उपभोक्ताओं को ठगी से बचाया जा सके और बाजार में असली उत्पादों की बिक्री सुनिश्चित हो सके।












