मोतिहारीः पूर्वी चंपारण जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष प्रो. अखिलेश दयाल के अध्यक्षता में बंजरिया पंडाल स्थित पार्टी कार्यालय गाँधी आश्रम में एक बैठक हुई।बैठक में उत्तराखंड के अकलतरा विधानसभा के कांग्रेस विधायक राघवेंद्र कुमार सिंह मुख्य अतिथि के रुप में उपस्थित रहे।विधायक राघवेंद्र कुमार आगामी एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाले कार्यक्रम को लेकर पार्टी द्वारा पर्यवेक्षक बनाये गए हैं।बैठक में वोट बचाओ देश बचाओ अभियान के तहत रामलीला मैदान में होने वाले रैली को सफल बनाने के रणनीति पर चर्चा हुई।बैठक के बाद आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए विधायक राघवेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि एक नवंबर को हमलोग दिल्ली जाने वाले हैं।दिल्ली के कार्यक्रम के बाद गांव-गांव तक हमलोग इस अभियान को ले जायेंगे।गांव में चौपाल लगायेंगे।यह पूरा अभियान सीईसी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफा तक जारी रहेगा।
दिल्ली के व्यापारियों द्वारा एक नवंबर के कांग्रेस के कार्यक्रम को स्थगित करने के गुहार पर विधायक राघवेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि केवल एक व्यापारी संगठन ने इस कार्यक्रम को लेकर लिखा था।जो सारे संगठनों का प्रतिनिधित्व नहीं करता है। लेकिन इस रैली की डिमांड आम लोग और सिविल सोसायटी की है।
वहीं कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के पटना में प्रधानमंत्री के पिता को लेकर दिए गए बयान पर विधायक राघवेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि इस मुद्दे पर पार्टी का आधिकारिक बयान आ गया है और वैसे राष्ट्रीय अध्यक्ष को लेकर मैं कुछ नहीं कह सकता हूं।
इस मौके पर पूर्व जिलाध्यक्ष शैलेंद्र शुक्ला,पूर्व विधायक श्याम बिहारी प्रसाद,युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष बिट्टू यादव,नगर अध्यक्ष राहुल शर्मा,कांग्रेस नेता संजीव कुमार सिंह उर्फ टून्नी सिंह,मदन बैठा,उमाशंकर यादव,विंध्याचल यादव,अजय झा,दीपक भारती और अफरोज आलम समेत कई नेता शामिल हुए।



