माला सिन्हा
पीपराकोठी : 71वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) में प्रफुल्ल कुमार, कमांडेंट के निर्देशन में आर्य विद्यापीठ, बालगंगा, रघुनाथपुर, मोतिहारी के छात्र-छात्राओं के लिए शैक्षिक भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस दौरान विद्यार्थियों को वाहिनी मुख्यालय परिसर का भ्रमण कराया गया तथा सशस्त्र सीमा बल की कार्यप्रणाली, दायित्वों एवं विभिन्न गतिविधियों से अवगत कराया गया. कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को सशस्त्र सीमा बल के इतिहास एवं सामान्य परिचय, बल में भर्ती की प्रक्रिया, एसएसबी में कैरियर की संभावनाओं, हथियारों से संबंधित सामान्य जानकारी तथा साइबर सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई. इसके साथ ही विद्यार्थियों को बल के कार्यों एवं सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में एसएसबी की भूमिका से परिचित कराया गया. इस शैक्षिक भ्रमण के माध्यम से विद्यार्थियों को सशस्त्र सीमा बल की कार्यप्रणाली को नजदीक से देखने और समझने का अवसर प्राप्त हुआ. कार्यक्रम से विद्यार्थियों में सुरक्षा बलों के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा राष्ट्रसेवा के प्रति रुचि विकसित करने में सहायता मिली. इस अवसर पर आर्य विद्यापीठ के शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ 71वीं वाहिनी के अधिकारीगण एवं अन्य बलकर्मी उपस्थित रहे.



