HomeBIHARतुरकौलिया के सेमरा स्टेशन से बरामद हाई क्वालिटी के जाली नोट मामले...

तुरकौलिया के सेमरा स्टेशन से बरामद हाई क्वालिटी के जाली नोट मामले में एनआईए की टीम ने पकड़े गए कारोबारी शेख ऐनुल से किया गहन पूछताछ

देशवाणी। आशा कुमारी 
मोतिहारी।
पूर्वी चम्पारण जिले के तुरकौलिया थाना क्षेत्र में सेमरा स्टेशन के समीप से बरामद 4.95 लाख रुपये की जाली करेंसी के मामले में अब राष्ट्रीय जांच एजेंसी की भी एंट्री हो गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एनआईए की टीम ने जाली नोट के साथ पकड़े गए कारोबारी शेख ऐनुल से गहन पूछताछ की है। ऐनुल बंजरिया थाना क्षेत्र के जनेरवा गांव का रहने वाला है।
पुलिस के अनुसार, बरामद जाली नोट हाई क्वालिटी के हैं। प्रथम दृष्टया इन्हें देखकर असली और नकली नोट में अंतर करना मुश्किल बताया जा रहा है। जांच एजेंसियों को आशंका है कि इतनी उच्च गुणवत्ता वाली जाली करेंसी नेपाल के रास्ते भारत में भेजकर देश की अर्थव्यवस्था को प्रभावित करने की साजिश का हिस्सा हो सकती है। इसी वजह से मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच का दायरा बढ़ाया गया है।
एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि जाली नोट की खेप नेपाल के रास्ते भारत पहुंची है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि सेमरा तक पहुंची खेप में कुल कितनी जाली करेंसी थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस अलग-अलग बिंदुओं पर जांच कर जाली नोट के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।
मालूम हो कि गुप्त सूचना के आधार पर तुरकौलिया पुलिस ने सेमरा स्टेशन के समीप भिसुआ पुल के पास कार्रवाई करते हुए शेख ऐनुल को 4.95 लाख रुपये की जाली करेंसी के साथ पकड़ा था। पुलिस की कार्रवाई के दौरान जाली नोट का मुख्य कारोबारी बताया जा रहा जनेरवा गांव का शेख जुल्फेकार उर्फ चरवाहा मौके से भागने में सफल रहा था।
जुल्फेकार की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। उसके संभावित ठिकानों के साथ-साथ उससे जुड़े लोगों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में लगी है कि जाली नोट की इस खेप को कहां-कहां खपाया जाना था।
एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि मामले की जांच में कई टीमें काम कर रही हैं। पुलिस और जांच एजेंसियां मिलकर जाली करेंसी के स्रोत, नेटवर्क और इसके पीछे शामिल लोगों तक पहुंचने का प्रयास कर रही हैं।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular