रामगढ़वा क्षेत्र के पलनवा को प्रखंड का दर्जा दिलाने की उठी मांग, युवाओं में आक्रोश और आंदोलन की सुगबुगाहट तेज
आवान मेराज /देशवाणी
रामगढ़वा: रामगढ़वा और रक्सौल प्रखंडों के अंतर्गत आने वाले पलनवा क्षेत्र को एक स्वतंत्र प्रखंड का दर्जा दिए जाने की मांग एक बार फिर से जोर पकड़ने लगी है। इस मांग को लेकर इलाके के युवाओं और स्थानीय लोगों में गहरी सुगबुगाहट है तथा युवा वर्ग आंदोलन के मूड में नजर आ रहा है। इस अहम मुद्दे को लेकर युवा सामाजिक कार्यकर्ता व पूर्व पैक्स प्रत्याशी रामप्रकाश रौशन ने पहल शुरू कर दी है, जिनके नेतृत्व में स्थानीय स्तर पर लगातार बैठकों का दौर जारी है।
पलनवा को प्रखंड का दर्जा दिलाने की रणनीति तैयार करने के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों और गणमान्य सामाजिक लोगों के साथ विचार-विमर्श किया जा रहा है। इस संबंध में युवा सामाजिक कार्यकर्ता रामप्रकाश रौशन ने बताया कि पलनवा को प्रखंड बनने का सरकारी प्रस्ताव बहुत पहले ही आ चुका है, लेकिन स्थानीय स्तर पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और लोगों की उदासीनता व शिथिलता के कारण यह महत्वपूर्ण प्रस्ताव लंबे समय से ठंडे बस्ते में पड़ा हुआ है।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अब इस मामले को और दबा नहीं रहने दिया जाएगा, बल्कि इसके लिए जोरदार आवाज उठाई जाएगी। प्रशासन और सरकार का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराने के लिए एक निर्णायक रणनीति तैयार की जा रही है। श्री रौशन ने जोर देते हुए कहा कि पलनवा के प्रखंड बन जाने से इस पूरे पिछड़े इलाके का चौतरफा और चहुंमुखी विकास होगा, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और लोगों को रोजी-रोटी के बेहतर साधन मिलने से उनका जीवन स्तर सुधरेगा।



