आशा कुमारी/देशवाणी
मोतिहारी।
हरसिद्धि थाना क्षेत्र में शराब कारोबार के खिलाफ पुलिस ने सघन अभियान तेज कर दिया है। इसी अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुप्त सूचना के आधार पर भादा पंचायत के दामोवृति गांव में छापेमारी कर पुलिस ने एक ईनामी शराब कारोबारी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान दामोवृति गांव निवासी द्वारिका साहनी के पुत्र राजू साहनी के रूप में हुई है। राजू साहनी लंबे समय से पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात द्वारा 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि राजू साहनी अपने गांव में मौजूद है। सूचना मिलते ही एक विशेष टीम का गठन किया गया और त्वरित कार्रवाई करते हुए गांव में छापेमारी की गई। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन जवानों की सतर्कता के कारण उसे मौके पर ही दबोच लिया गया। पुलिस के अनुसार, राजू साहनी के खिलाफ हरसिद्धि थाना में पहले से ही शराब तस्करी से जुड़े आठ मामले दर्ज हैं। वह लंबे समय से अवैध शराब के कारोबार में सक्रिय था और क्षेत्र में इसकी आपूर्ति करता था। इस गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। थानाध्यक्ष ने कहा कि किसी भी सूरत में शराब तस्करों को बख्शा नहीं जाएगा और इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।












