HomeBreakingपाकिस्तानी एजेंटों को ओटीपी भेजने के आरोप में रक्सौल से दो युवक...

पाकिस्तानी एजेंटों को ओटीपी भेजने के आरोप में रक्सौल से दो युवक गिरफ्तार

*भारतीय मोबाइल नंबरों पर व्हाट्सऐप अकाउंट बनाने के लिए ओटीपी उपलब्ध कराने का आरोप, मोबाइल फोन से भुगतान के साक्ष्य मिलने का दावा

रक्सौल।अनिल कुमार। आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में दर्ज कांड संख्या 01/2026 के अनुसंधान के सिलसिले में पहुंची विजयवाड़ा पुलिस ने रक्सौल पुलिस के सहयोग से शहर के विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी कर दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों पर भारतीय मोबाइल नंबरों पर व्हाट्सऐप अकाउंट बनाने के लिए पाकिस्तानी एजेंटों को ओटीपी उपलब्ध कराने और इसके बदले मोटी रकम लेने का आरोप है। पुलिस के अनुसार, इस मामले में देश की सुरक्षा, संप्रभुता और अखंडता के विरुद्ध कथित जासूसी गतिविधियों से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मनीष आनंद ने बताया कि विजयवाड़ा पुलिस की टीम कांड के अनुसंधान के सिलसिले में रक्सौल थाना पहुंची थी। टीम ने स्थानीय पुलिस को जानकारी दी कि रक्सौल बाजार के कुछ लोगों द्वारा भारतीय मोबाइल नंबरों पर व्हाट्सऐप अकाउंट बनाने के लिए प्राप्त ओटीपी पाकिस्तानी एजेंटों को भेजे जाने की सूचना मिली है। आरोप है कि इसके बदले संबंधित व्यक्तियों को भुगतान किया जा रहा था। पाकिस्तानी एजेंट इन ओटीपी का इस्तेमाल कर व्हाट्सऐप अकाउंट तैयार कर रहे थे, जिनका उपयोग कथित तौर पर भारत विरोधी गतिविधियों और जासूसी के लिए किया जा रहा था। सूचना की पुष्टि और आवश्यक कार्रवाई के लिए विजयवाड़ा पुलिस तथा रक्सौल पुलिस की संयुक्त छापेमारी टीम गठित की गई। इसके बाद रक्सौल थाना क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की गई और दो युवकों को पुलिस अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। तलाशी के दौरान दोनों के पास से दो मोबाइल फोन बरामद किए गए।

मोबाइल फोन से भुगतान से जुड़े साक्ष्य मिलने का दावा

एसडीपीओ मनीष आनंद के अनुसार, बरामद मोबाइल फोन की जांच के दौरान पाकिस्तानी एजेंटों को उपलब्ध कराए गए कथित डेटा और इसके बदले दोनों युवकों को भुगतान किए जाने से संबंधित साक्ष्य मिले हैं। मामले में विजयवाड़ा पुलिस आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई कर रही है। पुलिस इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि कथित गतिविधियों का दायरा कितना व्यापक है और इसमें अन्य लोगों की संलिप्तता है या नहीं।

गिरफ्तार युवकों की पहचान

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार युवकों की पहचान आदित्य पाण्डेय (करीब 23 वर्ष), पिता बलिराम पाण्डेय, निवासी नागा रोड, वार्ड संख्या 11, रक्सौल, जिला पूर्वी चंपारण तथा राजा कुमार (करीब 24 वर्ष), पिता सुरेश साह, निवासी हरलाखी, जिला मधुबनी, वर्तमान पता नोनियाडीह, थाना रक्सौल, जिला पूर्वी चंपारण के रूप में हुई है।

छापेमारी टीम में थानाध्यक्ष रमेश कुमार महतो, विकाश कुमार पासवान, रवि कुमार, दीपक कुमार गिरि, प्रेम कुमार, अजय कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। फिलहाल मामले में आगे की कार्रवाई विजयवाड़ा पुलिस द्वारा की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। आरोपों की पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी।

फोटो -पाकिस्तानी एजेंटों को ओटीपी भेजने के आरोप में रक्सौल से दो युवक गिरफ्तार

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular