रक्सौल।अनिल कुमार। 27/10/26 से 31/10/26 तक चलने वाली जागरूकता अभियान का दूसरा दिन पोक्सो एक्ट 2012 एवं बाल सुरक्षा के मुद्दों पर छात्राओं को दी गई महत्वपूर्ण जानकारी।
रक्सौल, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, पूर्वी चम्पारण के निर्देशानुसार संचालित “सुरक्षित बचपन अभियान” के अंतर्गत प्रयास जुवेनाइल एड सेंटर पूर्वी चम्पारण एवं एस एस बी 47 वी वाहिनी रक्सौल एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग इंस्पेक्टर नंदकिशोर तिवारी व जिला परियोजना समन्वयक आरती कुमारी के अध्यक्षता में बच्चों को यौन शोषण एवं बाल दुर्व्यवहार से सुरक्षित रखने तथा उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से प्रयास जुवेनाइल एड सेंटर, पूर्वी चम्पारण द्वारा कस्तूरबा बालिका+2 उच्च विद्यालय में बच्चियों के साथ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान जिला परियोजना समन्वयक आरती कुमारी द्वारा छात्राओं को लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम 2012 के विभिन्न प्रावधानों, बच्चों के अधिकारों, व्यक्तिगत सुरक्षा तथा किसी भी प्रकार के शोषण एवं दुर्व्यवहार से बचाव के संबंध में जानकारी दी गई। छात्राओं को बताया गया कि प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित वातावरण में रहने, शिक्षा प्राप्त करने तथा सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अधिकार है।
जागरूकता सत्र में बच्चियों को अच्छे स्पर्श और बुरे स्पर्श के बीच अंतर समझने, किसी भी असहज परिस्थिति को पहचानने तथा ऐसी स्थिति में बिना डर और संकोच के अपने माता-पिता, शिक्षक-शिक्षिका या किसी विश्वसनीय व्यक्ति को जानकारी देने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही उन्हें बताया गया कि किसी भी प्रकार के शोषण या दुर्व्यवहार को छिपाने के बजाय उचित सहायता लेना आवश्यक है।
कार्यक्रम में बाल यौन शोषण, बाल विवाह, मानव व्यापार,से संबंधित मामलों में बच्चों की सुरक्षा, शिकायत की प्रक्रिया तथा जरूरत पड़ने पर *चाइल्ड हेल्पलाइन 1098,प्रयास हेल्प लाईन नम्बर 9289692023, जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन हेल्प लाईन नम्बर 18001027222* पर कॉल कर के सूचित कर सकते हैं। वही इंस्पेक्टर नंदकिशोर तिवारी द्वारा छात्राओं को सोशल मीडिया और इंटरनेट का सुरक्षित उपयोग करने, अनजान व्यक्तियों से सतर्क रहने तथा अपनी व्यक्तिगत जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने के प्रति जागरूक किया गया।
इस अवसर पर बाल संरक्षण के महत्व पर चर्चा करते हुए बताया गया कि बच्चों को सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी केवल परिवार की ही नहीं, बल्कि विद्यालय, समाज और संबंधित संस्थाओं की भी है।
प्रधानाध्यापक अजय कुमार द्वारा बताया गया कि प्रयास जुवेनाइल एड सेंटर, पूर्वी चम्पारण द्वारा आयोजित इस जागरूकता कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में आत्मविश्वास बढ़ाना, उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सजग बनाना तथा बाल यौन शोषण एवं अन्य प्रकार के दुर्व्यवहार की रोकथाम के लिए जागरूकता फैलाना रहा। मौके पर सभी शिक्षक भारत कुमार, पावन किशोर कुशवाहा, दिलीप कुमार, कन्हैया कुमार, मुकेश पाड़ित शिक्षिका सुमन कुमारी एवं प्रयास जुवेनाइल एड सेंटर पूर्वी चम्पारण के सामाजिक कार्यकर्ता राज गुप्ता, अभिषेक कुमार, आशीष कुमार, उमेश कुमार श्रीवास्तव,
एवं सैकड़ों के संख्या में बच्चियों ने भाग लिया।
फोटो -लैंगिक अपराधों से बच्चों का संरक्षण को लेकर किया गया जागरूक



