Homeबिहारमोतिहारीश्रावणी मेला को लेकर पुलिस प्रशासन का बड़ा एक्शन प्लान, क्राइम मीटिंग...

श्रावणी मेला को लेकर पुलिस प्रशासन का बड़ा एक्शन प्लान, क्राइम मीटिंग में सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था पर लिए गए अहम निर्णय

-

देश वाणी – विवेक शर्मा 

अरेराज। बाबा सोमेश्वरनाथ धाम में श्रावणी मेला और सोमवारी एव शुक्रवार के दौरान होने वाली भारी भीड़ को देखते हुए अरेराज अनुमंडल पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर व्यापक कार्ययोजना तैयार की है। डीएसपी रवि कुमार की अध्यक्षता में आयोजित विशेष क्राइम मीटिंग में अरेराज, पहाड़पुर, गोविंदगंज और हरसिद्धि थाना के थानाध्यक्षों तथा मौजूद थे । बैठक में मेला क्षेत्र की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, ट्रैफिक प्रबंधन, महिला सुरक्षा और आपातकालीन व्यवस्था को लेकर विस्तृत रणनीति बनाई गई।

डीएसपी रवि कुमार ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि मेला ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रत्येक पुलिस पदाधिकारी को अपने-अपने क्षेत्र में लगातार निगरानी रखने, संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई करने और श्रद्धालुओं को हर संभव सुरक्षा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।

बैठक में यह निर्णय लिया गया कि मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं के लिए पार्किंग व्यवस्था पूरी तरह निःशुल्क रहेगी। किसी भी प्रकार की अवैध पार्किंग वसूली करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन द्वारा निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहनों को खड़ा करने की अनुमति होगी, जिससे मेला क्षेत्र में अनावश्यक भीड़ और जाम की स्थिति से बचा जा सके।

सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए मेला क्षेत्र, प्रमुख मंदिर परिसर, स्टैंड, भीड़भाड़ वाले स्थानों तथा पार्वती मंदिर परिसर में सादे लिबास में पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। ये पुलिसकर्मी आम श्रद्धालुओं के बीच रहकर जेबकतरी, छिनतई, आपराधिक गतिविधियों पर नजर रखेंगे। इसके अलावा पूरे मेला क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से चौबीसों घंटे निगरानी की जाएगी। कंट्रोल रूम से हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

यातायात व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन ने बड़ा निर्णय लिया है। रविवार शाम से सोमवार पूरे दिन तक तथा गुरुवार शाम से शुक्रवार पूरे दिन तक मुख्य चौक पर बस, टेंपो, ऑटो और ई-रिक्शा सहित किसी भी प्रकार के वाहन के लिए पिकअप और ड्रॉप प्वाइंट पूरी तरह बंद रहेगा। सभी सार्वजनिक वाहनों को वैकल्पिक पिकअप-ड्रॉप स्थलों का ही उपयोग करना होगा। प्रशासन का कहना है कि इस व्यवस्था से मुख्य चौक पर जाम की समस्या में काफी कमी आएगी और श्रद्धालुओं की आवाजाही सुगम होगी।

इसके साथ ही सोमवार और शुक्रवार को पहाड़पुर, खजुरिया चौक और तुरकौलिया मार्ग पर मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। मेला क्षेत्र में भारी वाहनों का प्रवेश भी नियंत्रित रहेगा, ताकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो।

बैठक में भीड़ नियंत्रण को लेकर विशेष रणनीति पर भी चर्चा की गई। पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि महिला श्रद्धालुओं, बुजुर्गों और दिव्यांगजनों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी और आवश्यकतानुसार त्वरित कार्रवाई दल भी सक्रिय रहेगा।

डीएसपी रवि कुमार ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना नहीं, बल्कि प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना है। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों को समन्वय के साथ कार्य करने और मेला अवधि के दौरान लगातार गश्त एवं निगरानी बनाए रखने का निर्देश दिया।

प्रशासन ने श्रद्धालुओं से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि वे निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करें, यातायात नियमों का पालन करें, अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

Related articles

Bihar

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest posts