HomeUncategorizedगायघाट चौक पर रेडीमेड कपड़ा दुकान में निकला विषैला सर्प, मची अफरा-तफरी

गायघाट चौक पर रेडीमेड कपड़ा दुकान में निकला विषैला सर्प, मची अफरा-तफरी

देशवाणी। आशा कुमारी 
मोतिहारी।
जिले के हरसिद्धि प्रखंड क्षेत्र के गायघाट चौक स्थित एक रेडीमेड कपड़े की दुकान में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक एक विषैला सर्प निकल आया। सर्प को देखते ही दुकानदार अरुण गुप्ता घबरा गए और चिल्लाते हुए दुकान से बाहर भाग निकले। उनकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए, जिससे कुछ देर के लिए इलाके में हड़कंप की स्थिति बन गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सर्प दुकान के अंदर कपड़ों के बीच छिपा हुआ था और अचानक बाहर निकल आया। घटना के बाद आसपास के दुकानदारों ने एहतियात के तौर पर अपनी-अपनी दुकानें भी कुछ समय के लिए बंद कर दीं। स्थानीय लोगों ने तुरंत स्थिति को संभालने का प्रयास किया और सर्प को सुरक्षित तरीके से पकड़वाने की पहल की।
इसी दौरान राम उग्रह सिंह कुशवाहा उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालय, जयसिंहपुर के शिक्षक आनंद भारती ने तत्परता दिखाते हुए बड़हरवा निवासी सर्प पकड़ने में दक्ष प्रभु साहनी को बुलाया। सूचना मिलते ही प्रभु साहनी मौके पर पहुंचे और अपने अनुभव का परिचय देते हुए सावधानीपूर्वक सर्प को पकड़कर दुकान से बाहर निकाल दिया। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
सर्प को सुरक्षित बाहर निकाले जाने के बाद दुकान में फिर से सामान्य स्थिति बहाल हो गई और दुकानदार ने राहत महसूस की। प्रभु साहनी ने बताया कि बरसात के मौसम में सर्प अक्सर अपने बिलों से निकलकर घरों और दुकानों में घुस आते हैं। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और घबराने के बजाय समझदारी से काम लेने की जरूरत है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि कहीं सर्प दिखाई दे तो उसे मारने की बजाय प्रशिक्षित व्यक्ति को बुलाकर सुरक्षित तरीके से हटवाया जाए, ताकि किसी प्रकार की अनहोनी से बचा जा सके। दवा दुकानदार बबलू कुमार ने बताया कि सर्प को दुकान मे देख सबके होश उड़ गए थे।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular