Bettiah | अनिल कुमार शर्मा|
मझौलिया। मझौलिया थाना क्षेत्र में मंगलवार की रात एक बड़ा हादसा टल गया, जब नीलगायों के झुंड को बचाने के प्रयास में एक छह पहिया ट्रक अनियंत्रित होकर करीब 20 फीट गहरे गड्ढे में पलट गया। घटना धनौती नदी तट स्थित अहवर छठ घाट के समीप की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रक संख्या BR 06 GH 2033 नानोसती से जगदीशपुर होते हुए हाजीपुर जा रहा था। इसी दौरान अहवर छठ घाट के पास अचानक नीलगायों का झुंड सड़क पार करने लगा। उन्हें बचाने के चक्कर में चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिससे ट्रक सड़क किनारे गड्ढे में जाकर पलट गया। इस हादसे में ट्रक चालक योगापट्टी निवासी प्रदुमन कुमार यादव को मामूली चोटें आयीं। उन्हें निजी क्लीनिक में प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गयी। घटना के समय सड़क पर अन्य लोगों की अनुपस्थिति से बड़ी जनहानि होने से बच गयी। सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुँची और घायल चालक की सहायता की। ट्रक पर नयी साइकिलें लदी हुई थीं। थानाध्यक्ष अमर कुमार ने बताया कि ट्रक मालिक रौशन मिश्रा को घटना की जानकारी दे दी गयी है।












