नदी किनारे पैर फिसलने से गहरे पानी में गिरा युवक, शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद हुआ अंतिम संस्कार; घुसुकपुर गांव में पसरा मातमी सन्नाटा।
देश वाणी। नौशाद अहमद। लौरिया।
लौरिया। थाना क्षेत्र के कटैया पंचायत अंतर्गत घुसुकपुर गांव में हरहा नदी में डूबने से 41 वर्षीय युवक की मौत हो गई। शुक्रवार की शाम नदी किनारे हुए इस हादसे के बाद शनिवार को उसका शव बरामद किया गया। घटना की सूचना मिलते ही लौरिया पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच, बेतिया भेज दिया।
थानाध्यक्ष इंद्रजीत पासवान ने बताया कि मृतक की पहचान घुसुकपुर वार्ड संख्या-12 निवासी खजाची राम के 41 वर्षीय पुत्र हरिलाल राम के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हरिलाल राम शुक्रवार की शाम हरहा नदी के किनारे शौच करने अथवा टहलने गया था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह नदी के गहरे पानी में जा गिरा। पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई।
शनिवार को पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के बाद परिजनों को सौंप दिया। इसके बाद गांव में ही मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया गया। हरिलाल की असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों के चीत्कार से माहौल गमगीन हो गया, वहीं पूरे घुसुकपुर गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
इधर, मुखिया प्रतिनिधि विनोद शर्मा ने घटना पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुखद घटना है। पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।



