SHABD,New Delhi, March 22,
बिहार दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को पत्र लिखकर राज्य की सांस्कृतिक विरासत और विकास की सराहना की। पत्र में उन्होंने बिहार को “भारतीय विरासत को भव्यता और दिव्यता देने वाला प्रदेश” बताया।
मार्च 22, नई दिल्ली:
बिहार दिवस के शुभ अवसर पर, राजनीति की सरगर्मियों के बीच एक सकारात्मक संदेश दिल्ली से पटना पहुंचा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को एक विशेष पत्र लिखकर न केवल बिहारवासियों को बधाई दी है, बल्कि राज्य की सांस्कृतिक शक्ति और विकास की रफ्तार को लेकर अपनी भावनाएं भी साझा की हैं।
इस पत्र में प्रधानमंत्री ने बिहार के प्राचीन गौरव से लेकर आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर तक का उल्लेख करते हुए इसे ‘विकसित भारत’ की रीढ़ बताया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पत्र में राज्य की ऐतिहासिक भूमिका और वर्तमान प्रगति की सराहना की। पत्र में उन्होंने बिहार को “भारतीय विरासत को भव्यता और दिव्यता देने वाला प्रदेश” बताया।
पीएम मोदी ने भगवान बुद्ध, आचार्य चाणक्य और प्राचीन विश्वविद्यालयों की परंपरा का जिक्र करते हुए कहा कि बिहार ने सदियों से देश को दिशा दी है। उन्होंने यह भी भरोसा जताया कि “विकसित बिहार, विकसित भारत” के लक्ष्य को हासिल करने में राज्य की बड़ी भूमिका होगी।
पत्र में पटना और पूर्णिया के नए हवाई अड्डे के टर्मिनल, औंटा-सिमरिया पुल और मखाना के लिए ‘नेशनल मखाना बोर्ड’ के गठन जैसे ठोस कदमों का जिक्र किया गया है। पीएम ने स्पष्ट किया कि 2004 से 2014 की तुलना में अब बिहार को मिलने वाली केंद्रीय सहायता में भारी बढ़ोतरी हुई है, जिससे विकास की रफ्तार और तेज हुई है।












