देशवाणी। आशा कुमारी
मोतिहारी।
रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के हरदिया गांव के दो युवकों की सड़क दुर्घटना में मौत के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। शुक्रवार को दोनों युवकों का अंतिम संस्कार किया गया, जहां परिजनों और ग्रामीणों की आंखें नम थीं।
मृतकों मे हरदिया वार्ड संख्या-31 निवासी काली भगत के पुत्र पवन कुमार भगत तथा राकेश महतो के पुत्र सरोज कुमार है। जानकारी के अनुसार, गुरुवार की शाम दोनों युवक शहर से मजदूरी कर बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग पर बैरिया देवी स्थान के समीप एक कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पवन कुमार भगत की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल सरोज कुमार ने इलाज के दौरान शुक्रवार को दम तोड़ दिया।
पवन कुमार भगत अपने परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। उसके पीछे पत्नी सावित्री देवी और दो छोटे-छोटे बेटे अभिमन्यु तथा सत्यम हैं। पति की मौत के बाद सावित्री देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। दोनों मासूम बच्चों को अभी यह भी समझ नहीं आ रहा कि उनके सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ चुका है।
वहीं, सरोज कुमार अविवाहित था। उसकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। दोनों युवकों की अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए और गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार किया गया।
घटना के बाद पूरे हरदिया गांव में शोक की लहर है। पवन के बड़े भाई मनोज भगत ने बिलखते हुए कहा कि अब उनके भाई के परिवार का भरण-पोषण कैसे होगा।
इधर, वार्ड पार्षद विद्यावती देवी एवं समाजसेवी ई. ललन कुमार ने प्रशासन से दोनों मृतकों के परिजनों को शीघ्र सरकारी मुआवजा और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि मजदूरी कर परिवार चलाने वाले इन युवकों की मौत से दोनों परिवारों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।



