रक्सौल।अनिल कुमार। मां दुर्गा की आराधना के महापर्व शारदीय नवरात्र के महा सप्तमी के अवसर पर रविवार को मनोकामना मंदिर के प्रांगण में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मंदिर परिसर में मां दुर्गा के दर्शन-पूजन और खोइंछा भराई की रस्म को लेकर सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा। विशेष रूप से महिलाओं में खोइंछा भरने को लेकर काफी उत्साह देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
महा सप्तमी को लेकर मंदिर परिसर में भक्तों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसके लिए पुलिस प्रशासन लगातार सक्रिय रहा। सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते हुए डीएसपी मनीष आनंद, थानाध्यक्ष रमेश कुमार महतो एवं नायाब आलम लगातार मौके पर मौजूद रहे। तीनों अधिकारियों ने भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं की आवाजाही सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिसकर्मी भीड़ को व्यवस्थित करने में जुटे रहे, ताकि भक्त शांतिपूर्ण माहौल में मां दुर्गा के दर्शन और पूजा-अर्चना कर सकें।
फोटो -महा सप्तमी पर मनोकामना मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़, खोइंछा भरने को लेकर महिलाओं में दिखा उत्साह



