देशवाणी। आशा कुमारी
मोतिहारी।
हरसिद्धि थाना पुलिस ने वाहन जांच के दौरान हरसिद्धि-पकड़िया रोड से अपाचे बाइक पर अंग्रेजी शराब लेकर जा रहे एक कारोबारी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से ब्लेंडर्स प्राइड अंग्रेजी शराब की 44 बोतल बरामद की है। गिरफ्तार शराब कारोबारी की पहचान हरसिद्धि वार्ड नंबर-3 निवासी कमल साह के पुत्र श्यामबाबू साह के रूप में हुई है। पुलिस ने शराब बरामदगी के साथ बाइक को भी जब्त कर लिया है।
थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति बाइक से शराब लेकर उक्त रास्ते से गुजरने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने हरसिद्धि-पकड़िया रोड पर वाहन जांच शुरू की। इसी दौरान अपाचे बाइक पर सवार श्यामबाबू साह को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान बाइक से ब्लेंडर्स प्राइड अंग्रेजी शराब की 44 बोतल बरामद हुई।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार कारोबारी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वह शराब कहां से और किस माध्यम से लेकर आया था तथा इसे कहां पहुंचाने वाला था। पुलिस शराब के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि श्यामबाबू साह के खिलाफ वर्ष 2023 में भी शराब बेचने के मामले में थाना में प्राथमिकी दर्ज है। पुलिस उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।
उन्होंने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी को मंगलवार को न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा। शराब बरामदगी के बाद पुलिस अब इसके स्रोत और सप्लाई चेन का पता लगाने में जुटी है।



