HomeBIHARमोतिहारीमोतिहारी में धूमधाम से हुआ तीन दिवसीय भगवती महोत्सव का शुभारंभ

मोतिहारी में धूमधाम से हुआ तीन दिवसीय भगवती महोत्सव का शुभारंभ

-सांसद राधामोहन सिंह ने किया उद्घाटन, बोले- सांस्कृतिक विरासत के प्रतीक हैं ऐसे आयोजन

-भोजपुरी लोकगायिका खुशबू उत्तम की मनमोहक प्रस्तुति ने श्रोताओं को किया मंत्रमुग्ध

देश वाणी। दिलीप दुबे

मोतिहारी। कला, संस्कृति एवं पर्यटन विभाग, बिहार सरकार तथा जिला प्रशासन पूर्वी चंपारण के संयुक्त तत्वावधान में अटल द्वार के निकट स्थित माँ मनसा माई स्थान पर शारदीय नवरात्रि की महाष्टमी के पावन अवसर पर तीन दिवसीय भगवती महोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। महोत्सव का उद्घाटन सांसद व पूर्व केंद्रीय मंत्री राधामोहन सिंह ने किया।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए सांसद राधामोहन सिंह ने माँ भगवती के श्रीचरणों में नमन कर समस्त जिलावासियों के सुख, समृद्धि और आरोग्य की कामना की। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन हमारी सनातन परंपरा, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक एकता के सशक्त माध्यम हैं, जो नई पीढ़ी को आध्यात्मिक मूल्यों से जोड़ते हैं। महाष्टमी का यह पर्व हमें अपने भीतर की बुराइयों का त्याग कर समाज में सद्भाव और भाईचारा मजबूत करने की प्रेरणा देता है।

इस अवसर पर स्थानीय लोकगायिका खुशबू उत्तम के भक्ति गीतों और भजनों ने उपस्थित श्रद्धालुओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। महोत्सव के दौरान लखनऊ की प्रसिद्ध मंडली द्वारा भव्य झाँकी और जागरण का विशेष आयोजन आकर्षण का केंद्र रहेगा।

कार्यक्रम में पूर्व मंत्री सह विधायक प्रमोद कुमार, बिहार राज्य मछुआरा आयोग के अध्यक्ष ललन सहनी, अनुमंडल पदाधिकारी अरुण कुमार, पुलिस उपाधीक्षक सदर-1 दिलीप सिंह, उपमहापौर डॉ. लालबाबू प्रसाद, अंचलाधिकारी सुनील कुमार सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। प्रशासन ने सभी से शांति और अनुशासन बनाए रखने की अपील की है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular