HomeUncategorizedराज्य स्तरीय वुशू प्रतियोगिता में पूर्वी चंपारण का दबदबा राजकुमार ने गोल्ड...

राज्य स्तरीय वुशू प्रतियोगिता में पूर्वी चंपारण का दबदबा राजकुमार ने गोल्ड जीत नेशनल टीम में बनाई जगह

राज्य स्तरीय वुशू प्रतियोगिता में पूर्वी चंपारण का दबदबा राजकुमार ने गोल्ड जीत नेशनल टीम में बनाई जगह

-भागलपुर में आयोजित 16वीं सब जूनियर एवं जूनियर प्रतियोगिता में जिले के तीनों खिलाड़ियों ने जीते पदक

देश वाणी । दिलीप दुबे

मोतिहारी। भागलपुर के खेल भवन में आयोजित 5 से 7 जून 2026 तक चली 16वीं राज्य स्तरीय सब जूनियर एवं जूनियर वुशू प्रतियोगिता में पूर्वी चंपारण के खिलाड़ियों ने अपने शानदार प्रदर्शन से जिले का नाम पूरे राज्य में रोशन कर दिया है। इस त्रि-दिवसीय प्रतियोगिता में सूबे के 22 जिलों से आए 250 से अधिक खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। पूर्वी चंपारण जिला वुशू संघ की ओर से इस प्रतियोगिता में तीन खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था, और शत-प्रतिशत परिणाम देते हुए तीनों ही जाँबाजों ने मेडल पर कब्जा जमाया।

70 किग्रा वर्ग में राजकुमार स्वर्ण पदक जीतकर राज्य चैंपियन बने। इस स्वर्णिम सफलता के साथ ही राजकुमार ने आगामी नेशनल टीम में भी अपनी जगह पक्की कर ली है। 75 किग्रा वर्ग में सूरज कुमार ने कड़े मुकाबले में बेहतरीन खेल दिखाते हुए रजत पदक अपने नाम किया। 90 किग्रा वर्ग में शशांक ने अपनी श्रेणी में दमदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक पर कब्जा जमाया।

खिलाड़ियों की इस ऐतिहासिक सफलता के पीछे टीम के कोच व जिला सचिव मंजय कुमार और टीम मैनेजर रंजय कुमार की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही। उनके कुशल मार्गदर्शन और कड़े प्रशिक्षण की बदौलत ही खिलाड़ियों ने मैट पर यह बेहतरीन मुकाम हासिल किया।

प्रतियोगिता के समापन समारोह के मुख्य अतिथि भागलपुर के एसएसपी प्रमोद कुमार यादव ने सभी विजेता खिलाड़ियों को मेडल और सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया। खिलाड़ियों की हौसलाअफजाई करते हुए एसएसपी ने कहा कि खुद को स्वस्थ एवं अनुशासित रखना ही एक सच्चे खिलाड़ी का सबसे बड़ा कर्तव्य है। खेल हमें जीवन में अनुशासन सिखाता है। इस गरिमामयी अवसर पर खेल पदाधिकारी जय नारायण कुमार सहित कई अन्य गणमान्य अतिथि भी मौजूद रहे।

पूर्वी चंपारण जिला वुशू संघ के महासचिव मंजय कुमार एवं उपसचिव विकेंद्र कुमार पाण्डेय ने सभी पदक विजेताओं को बधाई दी। उन्होंने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि पूर्वी चंपारण के खिलाड़ी लगातार राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर जिले का मान बढ़ा रहे हैं। इस जीत ने जिले के अन्य उभरते हुए खिलाड़ियों के लिए भी एक बड़ी प्रेरणा का काम किया है। इस शानदार कामयाबी के बाद से पूरे पूर्वी चंपारण के खेल प्रेमियों और खेल जगत में खुशी की लहर दौड़ गई है, तथा खिलाड़ियों को लगातार बधाइयाँ मिल रही हैं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular