HomeUncategorizedमोतिहारी में पुलिसिंग पर सख्ती : लापरवाही में चिरैया थानाध्यक्ष लाइन हाजिर,...

मोतिहारी में पुलिसिंग पर सख्ती : लापरवाही में चिरैया थानाध्यक्ष लाइन हाजिर, अंबेश कुमार को मिली जिम्मेवीरी

Motihari | आशा कुमारी|

मोतिहारी। पूर्वी चम्पारण के एसपी स्वर्ण प्रभात अपराध नियंत्रण को लेकर लगातार सख्त रुख अपनाए हुए हैं। जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए वे पुलिस पदाधिकारियों के कामकाज की नियमित समीक्षा कर रहे हैं और किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर तुरंत कार्रवाई कर रहे हैं।
अंबेश कुमार को मिली चिरैया थाने की जिम्मेवारी
इसी कड़ी में रविवार को एसपी ने चिरैया थाना और गांधी मैदान पुलिस चौकी में बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की। जानकारी के अनुसार, चिरैया थानाध्यक्ष महेश कुमार को अपराध नियंत्रण में विफल रहने के आरोप में लाइन हाजिर कर दिया गया है।
क्षेत्र में बढ़ते अपराध और नियंत्रण में कमी को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने यह कदम उठाया। उनकी जगह डीआईओ प्रभारी अम्बेश कुमार को चिरैया थाना की जिम्मेदारी सौंपी गयी है। अम्बेश कुमार वर्ष 2014 बैच के दारोगा हैं और इससे पहले पहाड़पुर थाना के थानाध्यक्ष रह चुके हैं। उनके अनुभव को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है, ताकि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को प्रभावी ढंग से संभाला जा सके।
वहीं दूसरी ओर, गांधी मैदान पुलिस चौकी के इंचार्ज हरेंद्र राम और वहां तैनात गार्ड को निलंबित कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि गांधी मैदान क्षेत्र से लगातार बाइक चोरी की शिकायतें मिल रही थीं, लेकिन पुलिस की ओर से अपेक्षित कार्रवाई नहीं की जा रही थी। इस लापरवाही को गंभीर मानते हुए एसपी ने सख्त कदम उठाया।
एसपी स्वर्ण प्रभात ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा है कि जिले में पुलिसिंग को बेहतर बनाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा। जो अधिकारी अपने कार्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे, उन्हें पुरस्कृत किया जाएगा। वहीं, जो भी पुलिसकर्मी अपने कर्तव्यों के प्रति लापरवाही बरतेंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई निश्चित है।
एसपी की इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है और सभी अधिकारियों को सतर्कता के साथ काम करने का संदेश गया है। माना जा रहा है कि इस सख्ती का असर जिले में अपराध नियंत्रण पर सकारात्मक रूप से पड़ेगा और आम लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत होगी।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular