फोटो : पुलिस गिरफ्त में आरोपी दुकानदार
माला सिन्हा
पीपराकोठी : थाना क्षेत्र में चलाये जा रहे सूखा नशा अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने ग्राम ढेकहां बेला कॉलोनी में छापेमारी कर एक व्यक्ति को गांजा के साथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान ढेकहां बेला कॉलोनी निवासी 50 वर्षीय ख़ितिश दास, पिता नेदु दास के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा मिली सूचना के अनुसार आरोपी अपने किराना दुकान से मादक पदार्थ की बिक्री कर रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुकान की तलाशी ली। तलाशी के दौरान दुकान से गांजा जैसा मादक पदार्थ बरामद किया गया, जिसका कुल वजन 22.96 ग्राम बताया गया है। बरामद मादक पदार्थ को जब्त कर आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार सिंह ने बताया कि क्षेत्र में नशे के कारोबार पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपी का संबंध किसी बड़े नशा तस्करी गिरोह से तो नहीं है। इलाके में पुलिस की इस कार्रवाई से लोगों में संतोष देखा जा रहा है।












