देशवाणी
बेतिया: जिला मुख्यालय बेतिया स्थित नगर निगम ने विभिन्न वार्ड में आधारभूत नागरिक सुविधा के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। जिसके अनुसार नगर निगम बोर्ड प्रशासन ने 48 सार्वजनिक शौचालय के निर्माण के लिए निविदा निर्गत किया है। इस बावत मेयर गरिमादेवी सिकारिया ने बताया कि नगर निगम बोर्ड से प्राप्त प्रशासनिक स्वीकृति के बाद जारी निविदा के अनुसार कुल 48 शौचालय में 38 इकाइयों का निर्माण 15 लाख 75 हजार रुपये की अनुमानित लागत से किया जाना है, जबकि शेष 10 शौचालय का निर्माण साढ़े चार लाख रुपये की लागत से प्रस्तावित है। नगर निगम प्रशासन ने इच्छुक संवेदकों के लिए निविदा प्रपत्र डाउनलोड करने की अवधि 7 जुलाई से 27 जुलाई 2026 तक निर्धारित की है। संवेदक इसी अवधि में ई-प्रोक्योरमेंट पोर्टल के माध्यम से निविदा प्रक्रिया में भाग ले सकेंगे। नगर आयुक्त स्तर से निकले निविदा के अंतर्गत 28 जुलाई 2026 को टेंडर बिड खोली जाएगी तथा उसी दिन नियमानुसार कार्य आवंटन की प्रक्रिया की जाएगी। नगर निगम ने निर्माण एजेंसियों के लिए कार्य पूर्ण करने की समय-सीमा तीन माह निर्धारित है। बताया जा रहा है कि उपर्युक्त योजना को धरातल पर उतारने से शहर में मुख्यतया महिलाओं को स्वच्छता, जनसुविधा और शहरी क्षेत्र में स्वच्छता अभियान को नई दिशा मिलेगी। आंगनबाडी केंद्र में शौचालयों का निर्माण नगर निगम प्रशासन कराएगा, जिसकी निविदा जारी हो चुकी है।












