मोतिहारी: निगरानी विभाग की पटना से आई टीम ने मोतिहारी सदर अंचल में बड़ी कार्रवाई की है।निगरानी की टीम ने सदर अंचल के राजस्व कर्मचारी प्रभात कुमार के प्राइवेट अटर्नी श्याम कुमार को आठ हजार रुपया रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया।हालांकि,अटर्नी के गिरफ्तारी की भनक लगते हीं राजस्व कर्मचारी प्रभात कुमार फरार हो गए और उनका मोबाइल भी स्वीच ऑफ आ रहा है।निगरानी की कार्रवाई के बाद सदर अंचल में हड़कम्प मंच गया।निगरानी की टीम श्याम को गिरफ्तार करने के बाद अपने साथ लेकर पटना चली गई।गिरफ्तार श्याम कुमार मोतिहारी नगर निगम की राजनीति से जुड़े एक भाजपा नेता का रिश्तेदार हैं।जिसके बल पर वह अंचल कार्यालय में खुब मनमानी करता था।हालांकि,श्याम कुमार का भाजपा नेता के साथ के रिश्तेदारी की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार,आदापुर थाना क्षेत्र के धबधबवा गांव के रहने वाले रुपेश कुमार ने निगरानी विभाग में लिखित शिकायत दर्ज करायी कि सदर अंचल के राजस्व कर्मचारी प्रभात कुमार और उनके दलाल श्याम कुमार एक जमीन के परिमार्जन एवं दाखिल खारिज करने के लिए रिश्वत की मांग की जा रही है।जिस आवेदन के आधार पर निगरानी विभाग ने 19 नवंबर को प्राथमिकी दर्ज कर मामले का सत्यापन कराया।मामला सही पाए जाने पर निगरानी विभाग ने जाल बिछाया और छतौनी थाना क्षेत्र के आर्य समाज मंदिर के समीप सड़क किनारे से आठ हजार रुपया रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया।



