अंडर-14 और अंडर-19 में पटना बना चैंपियन, अंडर-17 का खिताब पूर्णिया के नाम
देशवाणी। न्यूज़ डेस्क।
बेतिया। पश्चिम चंपारण के खेल भवन-सह-व्यायामशाला भवन परिसर में आयोजित दो दिवसीय राज्यस्तरीय अंतर-प्रमंडल विद्यालय सेपकटाकरा प्रतियोगिता-2026 का शुक्रवार को उत्साहपूर्ण माहौल में समापन हुआ। प्रतियोगिता में पटना प्रमंडल के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो आयु वर्गों में चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। वहीं, अंडर-17 वर्ग में पूर्णिया प्रमंडल की टीम ने बाजी मारी।
अंडर-14 में पटना ने सारण को दी शिकस्त
प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबलों में अंडर-14 वर्ग में पटना प्रमंडल ने सारण प्रमंडल को 2-0 से हराकर विजेता का खिताब अपने नाम किया। सारण को उपविजेता तथा मुंगेर को तीसरा स्थान मिला।
अंडर-17 वर्ग में पूर्णिया प्रमंडल ने कड़े मुकाबले में पटना प्रमंडल को 2-1 से पराजित कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। इस वर्ग में पटना उपविजेता और तिरहुत तीसरे स्थान पर रहा।
वहीं, अंडर-19 वर्ग के फाइनल में पटना प्रमंडल ने तिरहुत को 2-0 से हराकर खिताब पर कब्जा जमाया। तिरहुत उपविजेता तथा मगध प्रमंडल तीसरे स्थान पर रहा।
खिलाड़ियों के प्रदर्शन की हुई सराहना
समापन समारोह में खेल पदाधिकारी राकेश कुमार एवं निदेशक (NEP) पुरुषोत्तम त्रिवेदी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने खिलाड़ियों के खेल कौशल, अनुशासन, समर्पण और टीम भावना की सराहना करते हुए कहा कि खेल से न केवल शारीरिक दक्षता विकसित होती है, बल्कि आत्मविश्वास, अनुशासन और सामूहिक सहयोग की भावना भी मजबूत होती है। उन्होंने खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास कर भविष्य की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
छह प्रमंडलों की टीमों ने लिया हिस्सा
खेल विभाग, बिहार सरकार, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना तथा जिला प्रशासन, पश्चिम चंपारण के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में पटना, तिरहुत, सारण, पूर्णिया, मुंगेर एवं मगध प्रमंडलों की टीमों ने भाग लिया। प्रतियोगिता का संचालन बिहार राज्य खेल प्राधिकरण की ओर से प्रतिनियुक्त छह तकनीकी पदाधिकारियों की देखरेख में निर्धारित खेल नियमों के अनुसार किया गया। खिलाड़ियों के लिए भोजन एवं आवासन की समुचित व्यवस्था भी की गई थी।
कौशल और तालमेल का अनूठा खेल है सेपकटाकरा
उल्लेखनीय है कि सेपकटाकरा कौशल, फुर्ती, संतुलन और शारीरिक समन्वय पर आधारित खेल है। इसमें खिलाड़ी हाथों का उपयोग किए बिना पैर, घुटने और सिर सहित अनुमत अंगों से गेंद को नेट के पार पहुंचाते हैं। इस खेल में व्यक्तिगत दक्षता के साथ-साथ टीम के खिलाड़ियों के बीच बेहतर तालमेल और सामूहिक प्रयास की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
तीनों आयु वर्गों में रोमांचक मुकाबलों और खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन के बीच दो दिवसीय राज्यस्तरीय प्रतियोगिता का सफलतापूर्वक समापन हुआ।



