21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे वर्चुअल शिलान्यास, औद्योगिक निवेश और रोजगार की संभावनाओं को मिलेगी नई दिशा
देशवाणी।न्यूज़ डेस्क।
बेतिया। पश्चिम चंपारण के औद्योगिक विकास के लिए एक महत्वपूर्ण पहल होने जा रही है। चनपटिया प्रखंड के कुमारबाग औद्योगिक क्षेत्र में बियाडा की 125 एकड़ भूमि पर विशेष आर्थिक क्षेत्र (SEZ) विकसित किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर 2026 को वैशाली जिले से इस महत्वाकांक्षी परियोजना का वर्चुअल माध्यम से शिलान्यास करेंगे। इस परियोजना को जिले के औद्योगिक परिदृश्य में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
कुमारबाग में शिलान्यास कार्यक्रम की तैयारी तेज
प्रधानमंत्री के प्रस्तावित शिलान्यास कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। इसी क्रम में जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह ने कुमारबाग औद्योगिक क्षेत्र पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां चल रही तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की।
डीएम ने अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यक्रम स्थल पर आधारभूत सुविधाओं, तकनीकी व्यवस्था और अन्य आवश्यक इंतजामों को समय से पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारी निभाने तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी तैयारियां पूरी करने को कहा।
औद्योगिक विकास को मिलेगी नई पहचान
कुमारबाग में 125 एकड़ में विशेष आर्थिक क्षेत्र विकसित होने की पहल से पश्चिम चंपारण में औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार की संभावनाएं बढ़ेंगी। इससे जिले में निवेश को प्रोत्साहन मिलने और रोजगार के नए अवसर सृजित होने की उम्मीद है।
निरीक्षण में ये अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर अपर समाहर्ता राजीव रंजन सिन्हा, अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी अनिल कुमार सिन्हा, अनुमंडल पदाधिकारी बेतिया सदर विकास कुमार, वरीय उप समाहर्ता रोचना माद्री सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।



