जांच के बाद ही मिला परीक्षा हॉल में प्रवेश, मोबाइल और बैग जमा कराकर कराई गई परीक्षा
देश वाणी। नौशाद अहमद। लौरिया।
लौरिया। प्रखंड क्षेत्र के बिजबनिया स्थित राजकेश्वर राव नंदनगढ़ डिग्री कॉलेज में मिड सेमेस्टर प्रथम की परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में आयोजित की जा रही है। परीक्षा के दौरान कदाचार पर रोक लगाने के लिए कॉलेज प्रशासन ने सुरक्षा और अनुशासन के पुख्ता इंतजाम किए हैं। परीक्षार्थियों को जांच प्रक्रिया से गुजरने के बाद ही परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया जा रहा है।
शुक्रवार को परीक्षा के दौरान कॉलेज के मुख्य द्वार पर विशेष निगरानी रखी गई। परीक्षा देने पहुंचे छात्र-छात्राओं की बारीकी से जांच की गई। इसके बाद उनके मोबाइल फोन और बैग जमा कराए गए। कॉलेज प्रशासन का उद्देश्य परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के साथ किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधि को रोकना है।
महाविद्यालय के प्राचार्य सुनील कुमार राव और सचिव राहुल रंजन राव ने बताया कि मिड सेमेस्टर प्रथम की परीक्षा 18 से 21 नवंबर तक आयोजित की जा रही है। परीक्षा को निष्पक्ष एवं कदाचार मुक्त बनाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं।
परीक्षा के सफल संचालन में प्रोफेसर शंभू आलोक, हसमुद्दीन, राजेश पासवान, अजित कुमार चौबे सहित नॉन टीचिंग कर्मी राधेश्याम एवं अन्य शिक्षकों-कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कॉलेज प्रशासन की निगरानी में परीक्षा व्यवस्थित ढंग से संचालित हो रही है।



