बाल दिवस पर मातृवंश फाउंडेशन एवं विवेकानंद वाणी प्रचार समिति की संयुक्त पहल, 100 से अधिक बच्चों की हुई स्वास्थ्य जांच, पौष्टिक आहार वितरित
देशवाणी।
दुर्गापुर। बाल दिवस के अवसर पर मातृवंश फाउंडेशन एवं विवेकानंद वाणी प्रचार समिति के संयुक्त तत्वावधान में बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और सर्वांगीण विकास को लेकर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान स्वास्थ्य जागरूकता अभियान चलाने के साथ बच्चों के बीच पौष्टिक आहार का वितरण किया गया।
100 से अधिक बच्चों की हुई स्वास्थ्य जांच
कार्यक्रम में प्रसिद्ध बाल रोग विशेषज्ञ एवं मातृवंश फाउंडेशन की संस्थापक डॉ. अनन्या घोष ने 100 से अधिक बच्चों की स्वास्थ्य जांच की। उन्होंने बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए संतुलित आहार, आवश्यक पोषक तत्वों, व्यक्तिगत स्वच्छता और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। साथ ही अभिभावकों को कुपोषण की रोकथाम और बच्चों में स्वस्थ जीवनशैली विकसित करने के लिए जागरूक किया।
बच्चों के स्वास्थ्य में निवेश, राष्ट्र के भविष्य में निवेश
इस अवसर पर डॉ. अनन्या घोष ने कहा कि आज के बच्चे ही कल के विकसित और बेहतर भारत की आधारशिला हैं। प्रत्येक बच्चे को बेहतर स्वास्थ्य, समुचित पोषण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना समाज की प्राथमिकता होनी चाहिए। बच्चों के स्वास्थ्य में किया गया निवेश वास्तव में राष्ट्र के भविष्य में किया गया निवेश है।
उन्होंने कहा कि बच्चों का स्वस्थ बचपन केवल परिवार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का साझा दायित्व है। विशेषकर वंचित एवं जरूरतमंद बच्चों तक स्वास्थ्य सेवाओं और पोषण संबंधी जागरूकता पहुंचाना बेहद जरूरी है।
बाल दिवस पर बच्चों के अधिकारों के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई
मातृवंश फाउंडेशन के सह-संस्थापक सुब्रत गुरिया ने देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती पर उनके योगदान को याद करते हुए बच्चों के प्रति उनके विशेष स्नेह और राष्ट्र निर्माण में बाल शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बाल दिवस महज उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि बच्चों के अधिकारों, स्वास्थ्य, शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराने का दिन है।
उन्होंने बताया कि मातृवंश फाउंडेशन स्वास्थ्य जागरूकता, पोषण एवं सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से समाज के जरूरतमंद वर्गों तक आवश्यक सेवाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। स्वास्थ्य जांच और पोषण जागरूकता से जुड़ी गतिविधियों ने आयोजन को सार्थक बनाया। इस अवसर पर डॉ. अमृता चक्रवर्ती, डॉ. मौसमी घोष, लिवास कुमार, डॉ. मानस घोष सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
बाल दिवस पर आयोजित इस पहल के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि स्वस्थ बच्चे ही स्वस्थ समाज और समृद्ध राष्ट्र की सबसे मजबूत बुनियाद हैं।



