News Delhi।
नई दिल्ली।बैंक ग्राहकों के लिए राहत की खबर है। सोमवार से प्रस्तावित तीन दिवसीय बैंक हड़ताल को वापस ले लिया गया है। रविवार देर रात इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के बीच हुई बैठक में दोनों पक्षों के बीच सहमति बनने के बाद हड़ताल टालने का फैसला लिया गया।
UFBU के सर्कुलर नंबर 2026/31 के मुताबिक, रविवार रात करीब 9:30 बजे IBA और UFBU की बैठक हुई। इसमें बैंकिंग क्षेत्र से जुड़े विभिन्न लंबित मुद्दों पर चर्चा की गई और समाधान की दिशा में आगे बढ़ने पर सहमति बनी।
बैठक में पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था यानी सभी शनिवारों को अवकाश घोषित करने के मुद्दे पर IBA और UFBU की एक उच्चस्तरीय समिति गठित करने का फैसला हुआ। समिति ग्राहकों की सुविधा समेत सभी पक्षों को ध्यान में रखते हुए समाधान तलाशेगी।
इसके अलावा स्केल IV और उससे ऊपर के अधिकारियों के लिए प्रदर्शन आधारित प्रोत्साहन (PLI) योजना में यूनियनों की आपत्तियों को दूर करने के लिए संशोधन पर चर्चा होगी। अन्य लंबित मुद्दों पर भी बातचीत जारी रखकर जल्द समाधान निकालने पर सहमति बनी है। विस्तृत सर्कुलर जल्द जारी किया जाएगा।



