मोतिहारी के वरीय पत्रकार अजय कुमार ने पुष्कर का लिया जायजा
जयपुर। देशवाणी
राजस्थान के पुष्कर में स्थित जगतपिता भगवान ब्रह्मा का मंदिर देश-दुनिया में अपनी धार्मिक मान्यता के लिए प्रसिद्ध है। मान्यता है कि पुष्कर ही वह प्रमुख तीर्थस्थल है, जहां भगवान ब्रह्मा की पूजा-अर्चना होती है। मोतिहारी से पहुंचे वरीय पत्रकार अजय कुमार ने पुष्कर पहुंचकर मंदिर की धार्मिक परंपराओं और वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं से पुष्कर की धार्मिक एवं पर्यटन संबंधी जानकारी भी ली।
ब्रह्मा मंदिर के समीप स्थित मानसरोवर श्रद्धालुओं के लिए विशेष आस्था का केंद्र है। यहां विभिन्न घाटों पर श्रद्धालु अपने पूर्वजों की आत्मा की शांति के लिए पंडितों के माध्यम से धार्मिक अनुष्ठान और पूजा-अर्चना कराते हैं। मंदिर परिसर में चारों वेद भी स्थापित हैं, जिनका श्रद्धालु दर्शन करते हैं। वहीं, पुष्कर की पहाड़ी पर माता सावित्री और गायत्री के मंदिर भी श्रद्धालुओं के लिए प्रमुख धार्मिक स्थल हैं।
पुष्कर धार्मिक पर्यटन के साथ अपने विश्व प्रसिद्ध ऊंट मेले के लिए भी जाना जाता है। यहां लगने वाले मेले में देश के विभिन्न हिस्सों के साथ विदेशों से भी पर्यटक पहुंचते हैं। स्थानीय निवासी योगेंद्र चाहर ने बताया कि दशहरा पर्व के बाद पुष्कर में श्रद्धालुओं की भीड़ और बढ़ने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि यहां आने वाले पर्यटक रेगिस्तानी क्षेत्र के प्राकृतिक सौंदर्य और डेजर्ट का भी आनंद लेते हैं।
पुष्कर के समीप किशनगढ़ भी स्थित है, जो ग्रेनाइट उत्पादन के लिए प्रसिद्ध है। धार्मिक यात्रा के दौरान मोतिहारी जिले के तुरकौलिया प्रखंड के महनावा निवासी राजेश कुशवाहा, मांझार के विनय सिंह, पहाड़पुर के सिसवा निवासी मुना चौबे, रीना देवी, रामतपस्या प्रसाद समेत कई लोगों से भी मुलाकात हुई। श्रद्धालुओं ने कहा कि भगवान ब्रह्मा के दर्शन कर उनका जीवन धन्य हो गया। उन्होंने पुष्कर को आस्था, अध्यात्म और पर्यटन का अद्भुत संगम बताया।



