HomeBIHARबेतिया में तेज रफ्तार बस और कार की भीषण टक्कर, महिला की...

बेतिया में तेज रफ्तार बस और कार की भीषण टक्कर, महिला की मौत; पति-बेटी गंभीर

संबंधी की मैयत में मिट्टी देने जा रहा था परिवार, पुरैनिया मोड़ के पास हुआ हादसा; बस छोड़कर चालक और कर्मी फरार

देश वाणी। हृदयानंद सिंह यादव।

बेतिया। पश्चिम चंपारण जिले के बलथर थाना क्षेत्र अंतर्गत मैनाटांड़-बेतिया मुख्य पथ पर पुरैनिया मोड़ के समीप गुरुवार की सुबह तेज रफ्तार बस और कार के बीच भीषण टक्कर हो गई। इस दर्दनाक हादसे में कार सवार 40 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पति और विवाहित बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद बस चालक और कर्मी वाहन छोड़कर फरार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

मृतका की पहचान, पति और बेटी गंभीर रूप से घायल

मृतका की पहचान श्रीनगर थाना क्षेत्र के पुजहा पटजीरवा गांव के शेखटोली निवासी मोहम्मद जहांगीर खान की 40 वर्षीय पत्नी रवीना खातून के रूप में हुई है। हादसे में मोहम्मद जहांगीर खान और उनकी विवाहित बेटी उजाला खातून गंभीर रूप से घायल हो गईं। उजाला की शादी मैनाटांड़ थाना क्षेत्र के बसठा गांव में हुई है।

मैयत में मिट्टी देने जा रहा था परिवार

घायल जहांगीर खान के अनुसार, परिवार के लोग मरजदवा के भेड़िहारी गांव में एक संबंधी की मैयत में मिट्टी देने के लिए कार से जा रहे थे। इसी दौरान पुरैनिया मोड़ के समीप उनकी कार बस की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि रवीना खातून की मौके पर ही मौत हो गई।

प्राथमिक उपचार के बाद जीएमसीएच बेतिया रेफर

मिली जानकारी के अनुसार, शिवदानी नामक बस मैनाटांड़ की ओर से बेतिया जा रही थी। इसी क्रम में पुरैनिया मोड़ के समीप बस और कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना में कार सवार तीनों लोग प्रभावित हुए।

घटना के बाद घायलों को सिकटा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जीएमसीएच, बेतिया रेफर कर दिया।

पुलिस ने शुरू की कार्रवाई

बलथर थानाध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्ता ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त बस और कार को जब्त कर थाने लाने की कार्रवाई की जा रही है। हादसे के बाद बस चालक और कर्मियों के फरार होने की भी जानकारी सामने आई है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular