देशवाणी।बेतिया।अवधेश कुमार शर्मा।
बेतिया: पश्चिम चंपारण जिले में पुलिस अधीक्षक कुमार गौतम के निर्देश पर अपराधियों और शराब तस्करों के खिलाफ पुलिस ने सघन अभियान चलाया। विगत 48 घंटे में विभिन्न थाना क्षेत्रों में की गई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 82 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा।
42 वारंटी समेत 82 अभियुक्त गिरफ्तार
पुलिस निरीक्षक विश्वमोहन चौधरी ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि विशेष समकालीन अभियान के तहत विभिन्न आपराधिक मामलों में फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चिन्हित स्थानों पर छापेमारी की गई।
अभियान में गिरफ्तार 82 अभियुक्तों में 42 वारंटी शामिल हैं। पुलिस ने लंबे समय से लंबित पड़े 41 गैर-जमानती वारंटों का भी निष्पादन किया।
शराब तस्करों पर पुलिस की सख्त कार्रवाई
बिहार में पूर्ण शराबबंदी को प्रभावी बनाने के लिए उत्पाद अधिनियम के तहत भी विशेष अभियान चलाया गया। जिले के सीमावर्ती और संवेदनशील क्षेत्रों में सघन जांच के दौरान पुलिस ने 363 लीटर 800 मिलीलीटर देशी और विदेशी शराब बरामद की।
शराब तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक कार और सात बाइक को भी पुलिस ने जब्त किया। कार्रवाई के दौरान शराब तस्करी और शराब सेवन से जुड़े 20 लोगों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा गया।
500 ग्राम गांजा भी बरामद
पुलिस की कार्रवाई में शराब के अलावा 500 ग्राम गांजा भी बरामद किया गया। मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए पुलिस ने संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी और छापेमारी तेज कर दी है।
वाहन जांच में लाखों रुपये का जुर्माना
अपराध नियंत्रण के साथ यातायात नियमों के पालन को लेकर भी पुलिस ने व्यापक वाहन जांच अभियान चलाया। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और मुख्य मार्गों पर वाहनों की सघन जांच की गई।
बिना हेलमेट, ट्रिपल लोडिंग, तेज रफ्तार और आवश्यक कागजात के बिना वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, परिवहन अधिनियम के तहत 41,500 रुपये की दंड राशि वसूल की गई।
वहीं, यातायात नियमों के उल्लंघन पर चलाए गए अभियान में कुल 3 लाख 71 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।
अपराधियों में मचा हड़कंप
पुलिस के लगातार चल रहे अभियान से जिले में अपराधियों और असामाजिक तत्वों में हड़कंप की स्थिति है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि लंबित वारंटों के निष्पादन, अपराध नियंत्रण, शराब तस्करी पर रोक और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।



