. हाल ही में हुआ था मोतिहारी तबादला, विभाग में मचा हड़कंप
. गुप्त शिकायत के आधार पर सीबीआई ने बिछाया जाल, आवास व कार्यालय की हो रही जांच
देश वाणी। दिलीप दुबे
मोतिहारी। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की टीम ने बुधवार को मोतिहारी में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चंपारण प्रमंडल के डाक अधीक्षक एसएस सुमन को कथित रूप से 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस अचानक हुई कार्रवाई से डाक विभाग में हड़कंप मच गया है।
मालाही उप डाकघर के अंतर्गत ममरखा शाखा के डाक सहायक राहुल झा का हाल ही में दरभंगा ट्रांसफर हुआ था, लेकिन डाक अधीक्षक उन्हें कार्यमुक्त (विरमित) करने के एवज में 50 हजार रुपये की घूस मांग रहे थे।
पीड़ित कर्मी की गुप्त शिकायत पर सीबीआई ने मामले का सत्यापन किया और आरोप सही पाए जाने पर जाल बिछाया। सीबीआई ने शाम को डाक अधीक्षक के कक्ष में पीड़ित को भेजा। जैसे ही रिश्वत की रकम का लेनदेन हुआ, केंद्रीय एजेंसी ने तुरंत कार्रवाई करते हुए अधीक्षक एसएस सुमन को गिरफ्तार कर लिया।
गौरतलब है कि मोतिहारी के सुगौली में 12 नवंबर को चीफ पोस्टमास्टर जनरल का कार्यक्रम प्रस्तावित है, जिसकी तैयारियों में पूरा महकमा व्यस्त था। ऐसे में इस हाई-प्रोफाइल गिरफ्तारी ने विभाग की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल, सीबीआई डाक अधीक्षक से पूछताछ कर रही है और उनके आवास व कार्यालय के दस्तावेजों की सघन जांच जारी है।



