सरिसवा-पिपरपाती मुख्य सड़क किनारे बरवां गांव में हुई घटना, हत्या और आत्महत्या के बीच उलझी मौत की गुत्थी; एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
देश वाणी/अनिल कुमार शर्मा
मझौलिया। थाना क्षेत्र के सरिसवा-पिपरपाती मुख्य सड़क पर बरवां गांव के समीप बुधवार की अहले सुबह आम के पेड़ से लटका 70 वर्षीय वृद्ध का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सड़क किनारे पेड़ से शव लटके होने की खबर मिलते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं होने लगीं।
मृतक की पहचान ललन साह के रूप में
मृतक की पहचान बरवां गांव के वार्ड संख्या सात निवासी 70 वर्षीय ललन साह के रूप में हुई है। संदिग्ध परिस्थितियों में उनका शव पेड़ से लटका मिलने के बाद ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताई है। हालांकि, यह हत्या है या आत्महत्या, फिलहाल इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है।
हत्या या आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस
वृद्ध की मौत किन परिस्थितियों में हुई और उनका शव पेड़ से कैसे लटका, यह अब भी जांच का विषय बना हुआ है। घटना को लेकर ग्रामीणों के बीच कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं। वहीं, संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से इलाके में दहशत का माहौल है।
एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
सूचना मिलते ही मझौलिया पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। थानाध्यक्ष अमर कुमार ने बताया कि पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। घटनास्थल पर एफएसएल टीम को बुलाया गया, जिसने आवश्यक साक्ष्य एकत्रित किए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही वृद्ध की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।



