घरेलु का विवाद शांत कराने पहुंचे अफरोज पर चाकू से हमला, दो लोगों पर आरोप, पुलिस जाँच में जुटी।
देश वाणी। नौशाद अहमद।लौरिया।
लौरिया। पश्चिम चंपारण के लौरिया थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद के दौरान एक युवक पर चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घटना कटैया पंचायत के लंगड़ी गांव के वार्ड संख्या-11 की है। घायल युवक की पहचान गांव निवासी जाकिर मियां के 32 वर्षीय पुत्र अफरोज अंसारी के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, घर की महिलाओं के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो रहा था। इसी दौरान अफरोज अंसारी विवाद को शांत कराने के लिए मौके पर पहुंचे। आरोप है कि इसी बीच नूरजहां खातून और अजमुल्लाह ने पीछे से उन पर चाकू से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में अफरोज गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े।
घटना के बाद परिजन आनन-फानन में उन्हें लौरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। वहां डॉ. जितेंद्र काजी ने उनका प्राथमिक उपचार किया। हालांकि, युवक की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें बेतिया जीएमसीएच रेफर कर दिया।
इधर, घटना की सूचना मिलते ही लौरिया पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस घटना के कारणों और हमले में शामिल लोगों की भूमिका की पड़ताल कर रही है। घटना के बाद गांव में चर्चा का माहौल है।



