मोतिहारी। आशा कुमारी
तुरकौलिया थाना क्षेत्र के एक गाँव में नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म के प्रयास के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए फरार दो आरोपियों के घर इश्तेहार चिपकाया है। पुलिस ने गोपालगंज निवासी टाइगर उर्फ हसन अकबर तथा सेमरा बेलवतिया निवासी अफरीदी उर्फ सैयद जाहिद के घर पर कोर्ट के आदेश के तहत यह कार्रवाई की। बताया जाता है कि पुलिस टीम ढोल-नगाड़ा बजाते हुए दोनों आरोपियों के घर पहुंची और सार्वजनिक रूप से इश्तेहार चस्पा किया। इस दौरान दुगडुगी बजाकर मुनादी कराई गई कि यदि आरोपी शीघ्र सरेंडर नहीं करते हैं, तो न्यायालय के निर्देश पर उनके घर की कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के दौरान जमादार कन्हैया लाल व संतोष पटेल समेत अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। थानाध्यक्ष सम्पत कुमार ने बताया कि पीड़िता ने थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। अपने बयान में उसने कहा कि 12 सितंबर 2025 को बाजार से घर लौटने के दौरान दोनों आरोपियों ने उसे घेर लिया और जबरन खेत में ले जाकर गलत काम करने का प्रयास किया। पीड़िता के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण जुटने लगे, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद से ही पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है, लेकिन अब तक दोनों पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यदि आरोपी आत्मसमर्पण नहीं करते हैं, तो उनके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई और भी सख्त की जाएगी।












