spot_img
Sunday, March 22, 2026
Homeबिहारपटनागंगा घाटों पर सिविल डिफेंस ने संभाला मोर्चा, रेस्क्यू कर बचाईं कई...

गंगा घाटों पर सिविल डिफेंस ने संभाला मोर्चा, रेस्क्यू कर बचाईं कई जिंदगियां

-


जितेन्द्र कुमार सिन्हा, पटना, 28 अक्तूबर ::

श्रद्धा और सेवा का संगम दिखा छठ घाटों पर

लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के दौरान जहां श्रद्धालु गंगा तटों पर सूर्य उपासना में लीन थे, वहीं “पटना सिविल डिफेंस” के जवान सुरक्षा और सेवा के मोर्चे पर तैनात रहे। 25 से 28 अक्तूबर तक चले पर्व में सिविल डिफेंस के वॉलिंटियर्स ने अपनी सतर्कता और मानवता का परिचय देते हुए कई लोगों की जान बचाई और सैकड़ों व्रतियों की हरसंभव मदद की।

149 जवानों की रही तैनाती, 71 घाटों पर निगरानी

राजधानी के मनेर, दानापुर, दीघा से लेकर पटना सिटी के दीदारगंज तक कुल 71 घाटों पर सिविल डिफेंस के 149 जवानों को तैनात किया गया था। यह व्यवस्था जिलाधिकारी सह सिविल डिफेंस नियंत्रक डॉ. त्याग राजन एस के निर्देश पर की गई। जवानों ने श्रद्धालुओं को दिशा-निर्देश देने, भीड़ प्रबंधन, गुमशुदा बच्चों और वृद्धों की तलाश तथा आपात स्थितियों में त्वरित सहायता पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

जान बचाने में सक्रिय रहे वॉलिंटियर्स

पटना सिटी के गायघाट पर ऑफिसर कमांडिंग सह चीफ वार्डन विजय कुमार सिंह उर्फ श्यामनाथ सिंह की अगुवाई में सीनियर वार्डन हरेंद्र नाथ, प्रवीण प्रीतम और रंजन कुमार ने एक बेहोश व्यक्ति की जान बचायी। टेनी बीघा निवासी शौकीन मांझी घाट पर बने बाथरूम में बेहोश होकर गिर पड़े थे, जिन्हें सिविल डिफेंस टीम ने तुरंत रेस्क्यू कर मेडिकल टीम तक पहुंचाया।

घाटों पर माइक से दिए जरूरी निर्देश

भीड़ प्रबंधन के लिए डिवीजनल वार्डन डॉ. श्रवण कुमार सिंह और मयंक शेखर ने पब्लिक एड्रेस सिस्टम से श्रद्धालुओं को सतर्क रहने और व्यवस्था बनाए रखने के संदेश दिए। उनके प्रयासों से खोये हुए बच्चों और वृद्ध लोगों को सकुशल उनके परिजनों से मिलवाया गया। इससे घाटों पर राहत और संतोष का वातावरण बना रहा।

मोटर बोट पेट्रोलिंग से बढ़ायी सुरक्षा

सिविल डिफेंस की टीम ने जिला प्रशासन के मजिस्ट्रेट, पुलिस अधिकारियों और महिला आरक्षी बल के साथ मिलकर गंगा में मोटर बोट से निगरानी की। इस गश्ती व्यवस्था से घाटों के आस-पास किसी भी संभावित दुर्घटना या अव्यवस्था पर तुरंत नियंत्रण पाया गया।

जिलाधिकारी ने की सराहना

जिलाधिकारी सह सिविल डिफेंस नियंत्रक डॉ. त्याग राजन एमएस ने घाटों पर सिविल डिफेंस की सक्रिय भूमिका की सराहना की। उन्होंने चीफ वार्डन विजय कुमार सिंह (श्यामनाथ सिंह), डॉ. श्रवण कुमार सिंह, अरुण कुमार, हरेंद्र नाथ, मयंक शेखर, राज किशोर सिंह, प्रवीण प्रीतम और रंजन कुमार सहित सभी वॉलिंटियर्स के कार्यों को छठ पर्व की सफलता का अहम आधार बताया।

मानवतावादी सेवा की मिसाल बना सिविल डिफेंस

छठ पूजा के इस पावन पर्व पर सिविल डिफेंस ने प्रशासनिक सहयोग के साथ मानवीय सेवा की मिसाल पेश की। टीम ने यह सिद्ध किया कि लोक आस्था के इस पर्व में सुरक्षा और सेवा दोनों मिलकर ही श्रद्धा का सच्चा स्वरूप प्रस्तुत करते हैं।


पटना| गंगा घाटों पर सिविल डिफेंस ने संभाला मोर्चा, रेस्क्यू कर बचाईं कई जिंदगियां

Patna Civil Defence took charge on the Ganga ghats, rescuing and saving many lives.

Patna, Civil Defence, took charge, on the Ganga ghats, rescuing and saving many lives, Chhath Puja,

Related articles

Bihar

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
spot_img

Latest posts