Homeबिहारमोतिहारी पुलिस ने 10.5 किलो अफीम के साथ अंतरराज्यीय गिरोह के चार...

मोतिहारी पुलिस ने 10.5 किलो अफीम के साथ अंतरराज्यीय गिरोह के चार तस्कर को पकड़ा

-

आशा कुमारी /देशवाणी 
मोतिहारी।
मोतिहारी पुलिस को मादक पदार्थ के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसटीएफ टीम और डुमरीयाघाट थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 10.5 किलोग्राम अफीम बरामद की गई है। इस दौरान अंतरराज्यीय तस्कर गिरोह के तीन सदस्यों को मौके से गिरफ्तार किया गया, जबकि एक अन्य सप्लायर को बाद में छापेमारी कर पकड़ा गया। जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एनएच-27 के रास्ते मादक पदार्थ की बड़ी खेप ले जाई जा रही है। इसी आधार पर एसटीएफ और डुमरीयाघाट पुलिस ने संयुक्त रूप से डुमरीयाघाट रोड स्थित नर्सिंग बाबा मंदिर के पास वाहन जांच अभियान चलाया। इस दौरान एक उजले रंग की कार को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें से 10.5 किलोग्राम अफीम बरामद हुआ। कार में सवार तीन तस्करों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार तस्करों की पहचान झारखंड के चतरा जिले के साजन कुमार यादव, मुना कुमार यादव और गया जिले के अनुज कुमार साव के रूप में की गई है। पूछताछ के दौरान इन तस्करों ने अफीम सप्लाई करने वाले व्यक्ति के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी। तस्करों की निशानदेही पर पुलिस ने एसपी स्वर्ण प्रभात के नेतृत्व में गोविंदगंज थाना क्षेत्र के सरैया खास गांव में छापेमारी की, जहां से अफीम उपलब्ध कराने वाले तस्कर जितेंद्र चौधरी को गिरफ्तार किया गया। वह चनर चौधरी का पुत्र बताया जा रहा है। पुलिस सभी गिरफ्तार तस्करों से गहन पूछताछ कर रही है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि यह एक अंतरराज्यीय सिंडिकेट है। इस संबंध में डुमरीयाघाट थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस की इस कार्रवाई से मादक पदार्थ तस्करों में हड़कंप मच गया है।

Related articles

Bihar

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest posts