पूर्वी चंपारण जिले के पहाड़पुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बरकुरवा नहर के किनारे झाड़ियों से एक युवक का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान मलाही थाना क्षेत्र के सोनवल बैरागी टोला निवासी विपत साह के 24 वर्षीय पुत्र रामबाबू कुमार के रूप में की गई है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई और तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। ग्रामीणों द्वारा सूचना दिए जाने के बाद अरेराज डीएसपी रवि कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव के पास से एक साइकिल भी बरामद किया है, जिसे मृतक का बताया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि युवक की हत्या कर शव को झाड़ियों में फेंक दिया गया है। डीएसपी रवि कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। इसके साथ ही खोजी कुत्ते की भी मदद ली गई, ताकि घटना से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिल सकें। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शव की स्थिति को देखकर प्रतीत होता है कि हत्या करीब दो दिन पहले की गई होगी। हालांकि, शव पर किसी प्रकार के स्पष्ट चोट या संघर्ष के निशान नहीं मिले हैं, जिससे मामला और भी संदिग्ध बन गया है। पुलिस फिलहाल प्रेम प्रसंग और आपसी दुश्मनी सहित विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और मृतक के परिजनों से भी जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि घटना के पीछे के कारणों का पता लगाया जा सके। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो पाएगा। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा। घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और लोग पुलिस से जल्द कार्रवाई की उम्मीद कर रहे हैं।
Motihari dead-body-of-a-youth-found-in-a-bush-along-the-canal-in-paharpur












