श्रद्धालू भक्तो की भावना को देखते हुए सड़क किनारे की मांसाहारी दुकाने रहे बंद -रवि भैया
देशवाणी। आशा कुमारी
मोतिहारी।
अनंत चतुर्दशी के अवसर पर उत्तर बिहार के काशी कहे जाने वाले अरेराज बाबा सोमेश्वरनाथ मंदिर में लाखों की संख्या में श्रद्धालु कांवर लेकर रघुनाथपुर के रास्ते से होकर अरेराज जाते हैं। इस दौरान रघुनाथपुर, बैरिया बाजार, कवलपुर, तुरकौलिया चौक, तुरकौलिया बाजार, तुरकौलिया बोरिंग चौक, निमुईया चौक सहित अन्य चौक-चौराहों पर मांसाहारी दुकानें खुली रहने से श्रद्धालु भक्तों को कठिनाई होती है।
इसको लेकर विश्व हिंदू परिषद के तुरकौलिया प्रखंड अध्यक्ष रवि गुप्ता उर्फ भैया जी और संजीत कुमार ने अंचलाधिकारी, बीडीओ और थानाध्यक्ष को आवेदन दिया है। रवि गुप्ता ने कहा कि इस मौके पर बागमती नदी से लाखों की संख्या में श्रद्धालु भक्त जल भरकर बाबा सोमेश्वरनाथ मंदिर में चढ़ाने जाते हैं। उनकी धार्मिक भावना को देखते हुए सड़क किनारे की मांसाहारी दुकानों को बंद रखने की अपील की गई है।
उन्होंने कहा कि कांवरियों के मार्ग में मांस-मछली की दुकानें खुली रहने से उनकी आस्था को ठेस पहुंचती है। प्रशासन को चाहिए कि अनंत चतुर्दशी के दिन सभी मांसाहारी दुकानों को बंद रखने का आदेश जारी करे।
वहीं कांवरियों और डाक बम की सुविधा के लिए रघुनाथपुर से लेकर पशुरामपुर तक कई जगहों पर सामाजिक कार्यकर्ताओं द्वारा शिविर लगाए गए हैं। लक्ष्मीपुर गदरिया में पूर्व समिति सदस्य मनोज यादव ने शिविर लगाया है, जहां कांवरियों के लिए जलपान और विश्राम की व्यवस्था की गई है।



