विद्यार्थी सहयोग शिविर में जिला पदाधिकारी ने सुनीं जीएमसीएच के विद्यार्थियों की समस्याएं, सहयोग पोर्टल पर अपडेट करने का दिया निर्देश
देशवाणी। बेतिया।प्रतिनिधि।
बेतिया। पश्चिम चम्पारण जिले के विद्यार्थियों की शैक्षणिक एवं छात्रावास संबंधी समस्याओं के त्वरित निराकरण तथा उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मंगलवार को जिले के 52 विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में विद्यार्थी सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। इसी क्रम में बेतिया स्थित जीएमसीएच में आयोजित शिविर में जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह शामिल हुए।
विद्यार्थियों ने रखीं शैक्षणिक और छात्रावास से जुड़ी समस्याएं
शिविर में जीएमसीएच के विद्यार्थियों ने मेस में मेन्यू के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण भोजन की व्यवस्था, छात्रावास के वॉशरूम की मरम्मत, शैक्षणिक सुविधाओं में सुधार, छात्रावास से संबंधित समस्याएं, क्रिकेट ग्राउंड की व्यवस्था तथा विद्यार्थियों की संख्या के अनुरूप आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने सहित विभिन्न समस्याओं एवं आवश्यकताओं से जिला पदाधिकारी को अवगत कराया।
जिला पदाधिकारी ने विद्यार्थियों की समस्याओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता से सुना। कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान कराया गया, जबकि शेष समस्याओं के त्वरित एवं समयबद्ध निराकरण के लिए जीएमसीएच प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सहयोग पोर्टल पर दर्ज हों विद्यार्थियों की समस्याएं
जिला पदाधिकारी ने विद्यार्थियों से कहा कि शैक्षणिक एवं छात्रावास से संबंधित सभी समस्याओं को सहयोग पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपडेट कराएं। उन्होंने कहा कि पोर्टल पर प्राप्त समस्याओं की नियमित समीक्षा की जाएगी और उनका समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित कराया जाएगा।
उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को विद्यार्थियों से प्राप्त सुझावों एवं समस्याओं पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया।
चिकित्सक, विद्यार्थी और रोगी-परिजन में हो मधुर संवाद
जिला पदाधिकारी ने जीएमसीएच प्रशासन को निर्देश दिया कि चिकित्सकों, विद्यार्थियों, रोगियों एवं उनके परिजनों के बीच बेहतर एवं मधुर संवाद का वातावरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि उचित संवाद और सकारात्मक व्यवहार से अस्पताल एवं मेडिकल कॉलेज का वातावरण और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सकता है।



