HomeUncategorizedहरियाली अमावस्या पर केविके पीपराकोठी में चला पौधरोपण अभियान

हरियाली अमावस्या पर केविके पीपराकोठी में चला पौधरोपण अभियान

‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत लगाए गए 75 पौधे

फोटो : पौधरोपण करते छात्र छात्रा

माला सिन्हा

पीपराकोठी : हरियाली अमावस्या के अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र पीपराकोठी, पूर्वी चंपारण में पर्यावरण संरक्षण और हरित आवरण बढ़ाने के उद्देश्य से पौधरोपण अभियान चलाया गया। 12 अगस्त 2026 को आयोजित कार्यक्रम के दौरान “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत केविके के कर्मचारियों तथा आईएआरआई पटना हब के रावे विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान सागवान और आंवला के करीब 75 पौधे लगाए गए. केविके पीपराकोठी द्वारा पिछले तीन वर्षों से संस्थागत भूमि के बेहतर उपयोग, हरित आवरण में वृद्धि तथा विभिन्न पौधों के जर्मप्लाज्म भंडार के निर्माण के उद्देश्य से लगातार पौधरोपण अभियान चलाया जा रहा है. इस अभियान के तहत अब तक सागवान, आम, लीची, अमरूद, नींबू, लॉन्गन सहित सदाबहार फलदार एवं वन वृक्षों के करीब 565 पौधे लगाए जा चुके हैं. पौधरोपण अभियान का सकारात्मक प्रभाव भी दिखाई देने लगा है. पौधारोपण के तीसरे वर्ष में ही अमरूद और नींबू के पौधों में फलन शुरू हो गया। इनसे प्राप्त उत्पादों की बिक्री से करीब 22 हजार रुपये की आय भी हुई है. इसके अलावा पौधों से हरित आवरण बढ़ाने और कार्बन अवशोषण में योगदान मिल रहा है. इससे स्थानीय सूक्ष्म जलवायु में सकारात्मक बदलाव आया है तथा आसपास के कृषि क्षेत्रों में जैव विविधता को बढ़ावा मिला है. अभियान में शामिल आईएआरआई पटना हब के विद्यार्थियों ने “एक विद्यार्थी–एक पौधा” की भावना के साथ पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया। रावे विद्यार्थियों और आसपास के विद्यालयों के छात्रों को बारहमासी वृक्षों, फलदार पौधों, अंतर्वर्ती फसलों तथा खरपतवारों की पहचान और कृषि एवं दैनिक जीवन में उनके महत्व की व्यावहारिक जानकारी भी मिली. कार्यक्रम में प्राकृतिक संसाधन संरक्षण को आर्थिक लाभ से जोड़ने पर जोर दिया गया। प्रतिभागियों ने पौधों की नियमित देखभाल, हरित आवरण के विस्तार और जलवायु अनुकूलन को सामुदायिक जिम्मेदारी के रूप में अपनाने का संकल्प लिया.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular