HomeBIHARबेतियाउगते सूर्य को अर्घ्य के साथ छठ महापर्व का समापन, आस्था के...

उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ छठ महापर्व का समापन, आस्था के सैलाब से सराबोर हुआ लौरिया

रामजानकी मंदिर के मुख्य घाट पर उमड़ा हजारों व्रतियों का हुजूम, आकर्षक सजावट और रोशनी ने मोहा मन; प्रशासनिक मुस्तैदी के बीच शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ चार दिवसीय अनुष्ठान

लौरिया। उगते सूर्य की पहली किरण, हाथों में सजे फल-फूल और सूप-दौरा तथा छठी मइया के पारंपरिक गीतों के बीच सोमवार की सुबह लौरिया में लोक आस्था के महापर्व छठ का भव्य समापन हुआ। नगर पंचायत सहित पूरे प्रखंड क्षेत्र में व्रतियों ने उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्य और खुशहाली की कामना की। इसी के साथ 36 घंटे के निर्जला उपवास सहित चार दिवसीय कठिन अनुष्ठान का समापन हो गया। इस दौरान विभिन्न छठ घाटों पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा और पूरा इलाका भक्तिमय माहौल में सराबोर नजर आया।

नगर पंचायत के रामजानकी मंदिर परिसर स्थित मुख्य छठ घाट पर अहले सुबह से ही हजारों की संख्या में व्रती और श्रद्धालु जुटने लगे थे। जैसे ही सुबह की पहली किरण दिखाई दी, व्रतियों ने जल में खड़े होकर भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया। छठी मइया के जयकारों और पारंपरिक गीतों से घाट का वातावरण गूंज उठा। अर्घ्य के बाद व्रतियों ने प्रसाद ग्रहण कर अपना व्रत पूरा किया। श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं भी दीं।

मुख्य छठ घाट पर लौरिया युवा संघर्ष समिति की ओर से विशेष आयोजन और आकर्षक सजावट की गई थी। भव्य पंडाल, रंग-बिरंगी लाइटिंग और सेल्फी प्वाइंट श्रद्धालुओं के बीच खास आकर्षण बने रहे। वहीं ढाढ़वा छठ घाट, रामघाट, पोखर घाट, नंदनगढ़ बगीचा घाट, भेड़िहारी टोला घाट और मरहिया घाट को भी आकर्षक ढंग से सजाया गया था।

ग्रामीण क्षेत्रों में भी छठ की छटा देखते ही बन रही थी। बिशुनपुरवा, सिसवनिया, कटैया, गोबरौरा, गोनौली, मटियरिया, धोबनी, सुअरछाप, मठिया, बसवरिया, जमुनिया, जिरिया, कंधवलिया और बरबीरो समेत विभिन्न गांवों के घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। सिसवनिया पंचायत के बिशुनपुरवा स्थित छठ घाट की भव्य सजावट विशेष चर्चा में रही। यहां वाटर फाउंटेन, रंगीन रोशनी, हरियाली और मिनी पार्क ने घाट की सुंदरता में चार चांद लगा दिए। स्थानीय पूजा समितियों की ओर से व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए भी बेहतर इंतजाम किए गए थे।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मुस्तैद रहा प्रशासन

छठ महापर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक स्तर पर विशेष सतर्कता बरती गई। अंचलाधिकारी आशु रंजन, प्रखंड विकास पदाधिकारी संजीव कुमार और नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी दिनेश पुरी विभिन्न घाटों की व्यवस्था और सुरक्षा पर लगातार नजर बनाए रहे। अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने घाटों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। वहीं, प्रमुख घाटों पर पुलिस बल की तैनाती के साथ गश्ती और निगरानी की व्यवस्था की गई थी, ताकि श्रद्धालु निर्भय होकर भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर सकें।

आस्था, अनुशासन और सामूहिक सहयोग की मिसाल पेश करते हुए लौरिया में छठ महापर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। घाटों पर उमड़ी भीड़, आकर्षक सजावट, छठी मइया के गीतों और उगते सूर्य को अर्घ्य देने के मनोहारी दृश्य ने पूरे क्षेत्र को भक्तिरस में डुबो दिया।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular