HomeBIHARमोतिहारीश्रद्धा और उल्लास के साथ मना छठ का दूसरा अनुष्ठान खरना

श्रद्धा और उल्लास के साथ मना छठ का दूसरा अनुष्ठान खरना

रक्सौल।अनिल कुमार। लोक आस्था, श्रद्धा और पवित्रता का महापर्व छठ पूजा का दूसरा दिन शनिवार को अनुमंडल क्षेत्र में पूरी श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाया गया। खरना के अवसर पर व्रतियों ने पूरे दिन अन्न और जल का त्याग कर निर्जला उपवास रखा। संध्या समय विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद खरना का प्रसाद ग्रहण किया।

खरना के लिए घर-आंँगन में विशेष तैयारी की गयी। मिट्टी के नये चूल्हे पर आम की लकड़ी की आंच में प्रसाद तैयार किया गया। गुड़ एवं चावल से बनी पारंपरिक खीर (रसियाव) के साथ रोटी और पूरी का प्रसाद बनाया गया। प्रसाद तैयार होने के दौरान घरों में छठी मइया के सुमधुर गीत गूंँजते रहे। इससे पूरा वातावरण भक्तिमय एवं उत्सवी बना रहा।

बिहार और पूर्वांचल में मनाया जाने वाला सूर्योपासना का यह महापर्व केवल पूजा-अर्चना तक सीमित नहीं है, बल्कि यह परिवार और समाज को जोड़ने का भी पर्व है। छठ की आस्था ऐसी है कि देश के सुदूर प्रदेशों में रहने वाले लोग भी इस अवसर पर अपने परिवार और परिजनों के बीच पहुंचने के लिए खींचे चले आते हैं। घर-आंगन से लेकर घाटों तक श्रद्धा, उमंग और पारिवारिक मिलन का अनूठा दृश्य देखने को मिलता है।

छठ का यह कठिन 36 घंटे का निर्जला व्रत अब अपने महत्वपूर्ण पड़ाव पर पहुंच गया है। रविवार को व्रती अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे। इसके बाद सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही चार दिवसीय छठ महापर्व का विधिवत समापन होगा। व्रतियों के साथ श्रद्धालु भी सूर्यदेव और छठी मइया की आराधना कर सुख, शांति, समृद्धि एवं परिवार की मंगलकामना करेंगे।

फोटो -श्रद्धा और उल्लास के साथ मना छठ का दूसरा अनुष्ठान खरना

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular