कम तेल की थाली, भारत की खुशहाली केवल संदेश नहीं, आत्मनिर्भर भारत का संकल्प: राधा मोहन सिंह
भाजपा महिला मोर्चा का अनूठा आयोजन, बिना तेल और कम तेल के व्यंजनों की लगी प्रदर्शनी
देश वाणी। दिलीप दुबे
मोतिहारी। स्थानीय अमर रिसोर्ट में शनिवार को भाजपा महिला मोर्चा द्वारा कम तेल की थाली- भारत की खुशहाली कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित सांसद व पूर्व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री राधा मोहन सिंह ने दीप प्रज्वलित कर समारोह की शुरुआत की। इस दौरान महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने घरों से बिना तेल और बेहद कम तेल में बने कई प्रकार के स्वादिष्ट व पौष्टिक व्यंजन लाकर अपनी पाक कला और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद राधा मोहन सिंह ने कहा कि कम तेल की थाली, भारत की खुशहाली केवल एक स्वास्थ्य संबंधी संदेश नहीं है, बल्कि यह एक स्वस्थ, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का संकल्प है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन की सराहना करते हुए कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में देशभर में फिट इंडिया, ईट राइट इंडिया और पोषण अभियान जैसी पहलों के माध्यम से जन-जागरूकता बढ़ाई जा रही है। आज बदलती जीवनशैली के कारण हृदय रोग, मधुमेह और मोटापा जैसी बीमारियाँ तेजी से बढ़ रही हैं, जिनका मुख्य कारण अत्यधिक तेल और असंतुलित आहार है। हमें स्वाद के साथ-साथ स्वास्थ्य को भी प्राथमिकता देनी होगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि कम तेल की थाली का मतलब स्वाद से समझौता करना नहीं है, बल्कि भोजन में ताजी सब्जियाँ, फल, दालें और मोटे अनाज को शामिल कर स्वस्थ जीवनशैली को अपनाना है। जब देश का हर नागरिक स्वस्थ होगा, तभी राष्ट्र की उत्पादकता बढ़ेगी और भारत खुशहाल बनेगा।
कार्यक्रम के अंत में सांसद सहित उपस्थित सभी अतिथियों और महिलाओं ने स्वास्थ्य के प्रति एक सामूहिक संकल्प लिया। सभी ने प्रण लिया कि वे अपने दैनिक भोजन में तेल की मात्रा को नियंत्रित रखेंगे। जंक फूड और अत्यधिक तले हुए खाद्य पदार्थों से दूरी बनाएंगे। नियमित व्यायाम और योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएंगे। अपने परिवार और समाज को स्वस्थ खान-पान के प्रति जागरूक करेंगे।
इस खास मौके पर पूर्व मंत्री सह मोतिहारी विधायक प्रमोद कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष पवन राज, डिप्टी मेयर डॉ. लालबाबू प्रसाद, महिला मोर्चा की प्रदेश पदाधिकारी संगीता चित्रांश, महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष नीता शर्मा, उपाध्यक्ष मीना मिश्रा, पूर्व जिलाध्यक्ष प्रमोद शंकर सिंह और डॉ. हेना चंद्रा सहित भारी संख्या में भाजपा नेता और महिला मोर्चा की कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।












