देशवाणी। आशा कुमारी
मोतिहारी।
हरसिद्धि पुलिस ने ओलाहा मेहता टोला से बरामद चोरी की स्कॉर्पियो गाड़ी मामले में वैज्ञानिक तरीके से जांच करते हुए पश्चिम चंपारण जिले के शिकारपुर थाना क्षेत्र के सोनासती मोहम्मदपुर गांव से एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक की पहचान यासिर अली के रूप में हुई है।
बताया जाता है कि यासिर अली ही वह व्यक्ति है, जिसने ओलाहा मेहता टोला के छोटन कुमार से स्कॉर्पियो गाड़ी के 35 हजार रूपये अपने पे-फोन में डलवाए थे। छोटन ने चोरी की स्कार्पियो गाड़ी 80 हजार मे खरीदी थी। पुलिस को इस मामले में बड़े सिंडिकेट के शामिल होने का शक है।
थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि गिरफ्तार युवक की निशानदेही पर चोरी की गाड़ी की खरीद-फरोख्त करने वाले सिंडिकेट में शामिल अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए उनके नेतृत्व में लगातार छापेमारी की जा रही है। जल्द ही इस गिरोह के अन्य सदस्यों को भी पकड़ लिया जाएगा।
गौरतलब है कि 17 सितंबर को अपर थानाध्यक्ष अविनाश कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने ओलाहा मेहता टोला में छापेमारी कर शंभू पटेल के पुत्र छोटन कुमार को चोरी की स्कॉर्पियो के साथ पकड़ा था। पूछताछ के बाद उसे जेल भेज दिया गया था।
उसी मामले में जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने तकनीकी और वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर यासिर अली तक पहुंची और उसे गिरफ्तार किया। थानाध्यक्ष ने बताया कि यह एक अंतरजिला गिरोह है जो चोरी की गाड़ियों की खरीद-बिक्री करता है। पुलिस पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने में जुटी है।



