Bettiah, रवि कुमार मिश्रा
बेतिया/नरकटियागंज। नगर के नंदपुर नया टोला मोहल्ले में हुई गोलीबारी के मामले में शिकारपुर पुलिस ने फरार चल रहे एक आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नंदपुर नया टोला निवासी रंजीत कुशवाहा के रूप में हुई है। घटना के बाद से वह लगातार पुलिस की गिरफ्त से बाहर चल रहा था।
थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि 11 अप्रैल को छठियार कार्यक्रम से घर लौट रहे रंजीत कुमार शर्मा को बदमाशों ने गोली मारकर घायल कर दिया था। मामले में घायल के भाई सुजीत कुमार शर्मा के आवेदन पर शिकारपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। प्राथमिकी में छह नामजद समेत तीन-चार अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया था।
पुलिस के अनुसार, मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद रंजीत कुशवाहा की तलाश लगातार जारी थी। इसी दौरान उसके दिल्ली में छिपे होने की सूचना मिली। सूचना की पुष्टि के बाद कांड के अनुसंधानक ने दिल्ली पुलिस के सहयोग से कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
दिल्ली से नरकटियागंज लाए जाने के बाद आरोपी से आवश्यक पूछताछ की गई। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस गोलीबारी कांड से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।



