13 दिनों तक शव मंगाने के लिए परिजन करते रहे प्रयास, बेटे विशाल ने भारत सरकार और सहयोग करने वालों के प्रति जताया आभार।
देश वाणी। नौशाद अहमद। लौरिया।
लौरिया। नगर पंचायत लौरिया के वार्ड संख्या-6 स्थित यदुवंशी नगर निवासी ओमप्रकाश का शव सऊदी अरब से 14वें दिन सोमवार को उनके पैतृक घर पहुंचा। शव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गमगीन माहौल के बीच सिकरहना घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया।
परिजनों के अनुसार, ओमप्रकाश बीते 6 सितंबर को रोजी-रोटी कमाने के लिए सऊदी अरब के रियाद गए थे। वहां अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इसके बाद परिजन शव को भारत लाने के लिए लगातार प्रयास कर रहे थे। करीब 13 दिनों तक इंतजार और प्रयास के बाद सोमवार को उनका शव लौरिया पहुंच सका।
ओमप्रकाश के बड़े बेटे विशाल सीआरपीएफ में कार्यरत हैं। शव पहुंचने के बाद विशाल समेत अन्य परिजनों ने भारत सरकार के प्रति आभार जताया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, विदेश मंत्री, सांसद सुनील कुमार, केंद्रीय मंत्री सतीश चंद्र दुबे, विधायक विनय बिहारी तथा जिला पदाधिकारी तरनजीत सिंह समेत शव को भारत लाने में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति धन्यवाद व्यक्त किया।
शव के घर पहुंचते ही बड़ी संख्या में मोहल्ले के लोग और सामाजिक कार्यकर्ता परिजनों को सांत्वना देने पहुंचे। वार्ड पार्षद बद्री यादव, पप्पू मिश्रा, लालबाबू राम, मुख्य पार्षद प्रतिनिधि संजय कुमार और उपमुख्य पार्षद प्रतिनिधि लड्डू सिंह समेत अन्य लोगों ने शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया। अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।



