Homeबिहारमोतिहारीकरें योग, रहें निरोग के मंत्र को जीवन में उतारें : राधामोहन...

करें योग, रहें निरोग के मंत्र को जीवन में उतारें : राधामोहन सिंह

-

करें योग, रहें निरोग के मंत्र को जीवन में उतारें : राधामोहन सिंह

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर नरसिंह बाबा मंदिर परिसर में भाजपा द्वारा योग शिविर का हुआ आयोजन

देश वाणी। दिलीप दुबे

मोतिहारी। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को मोतिहारी के नरसिंह बाबा मंदिर परिसर में भाजपा नगर दक्षिणी मंडल द्वारा एक भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में पूर्व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री सह स्थानीय सांसद राधामोहन सिंह ने मुख्य रूप से सहभागिता कर योगाभ्यास किया और उपस्थित लोगों को योग के महत्व के प्रति जागरूक किया।

शिविर को संबोधित करते हुए सांसद राधामोहन सिंह ने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत है, जो शरीर, मन और आत्मा के बीच सामंजस्य स्थापित करने का सबसे सशक्त माध्यम है। हमारे ऋषि-मुनियों ने हजारों वर्ष पूर्व ही योग की महत्ता को समझ लिया था और इसे मानव कल्याण का आधार बनाया था।

उन्होंने आधुनिक विज्ञान का हवाला देते हुए कहा कि आज विज्ञान भी यह स्वीकार करता है कि नियमित योगाभ्यास से तनाव कम होता है, रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है, हृदय स्वस्थ रहता है और मानसिक शांति प्राप्त होती है।

सांसद श्री सिंह ने ऐतिहासिक संदर्भ साझा करते हुए बताया कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से वर्ष 2014 में संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाने का प्रस्ताव स्वीकार किया था। 177 देशों के अभूतपूर्व समर्थन के साथ यह प्रस्ताव पारित हुआ और 21 जून 2015 को पहला अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया। आज अमेरिका, यूरोप, एशिया, अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया सहित पूरी दुनिया में करोड़ों लोग योग को अपना चुके हैं, जो भारत के लिए गर्व का विषय है।

बदलती जीवनशैली और तनावपूर्ण माहौल में योग की आवश्यकता पर बल देते हुए उन्होंने कहा कि योग न केवल बीमारियों से बचाव करता है, बल्कि सकारात्मक सोच और अनुशासन भी सिखाता है। विशेषकर युवाओं के लिए यह एकाग्रता और मानसिक संतुलन बढ़ाने में अत्यंत सहायक है। उन्होंने विद्यार्थियों, किसानों, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों सहित समाज के सभी वर्गों से प्रतिदिन कम से कम 30 मिनट योग करने तथा ‘करें योग, रहें निरोग’ के मंत्र को अपने जीवन में उतारने का आग्रह किया।

इस योग शिविर में मुख्य रूप से उप महापौर डॉ. लालबाबू प्रसाद, भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष नीता शर्मा, उपाध्यक्ष मीना मिश्रा, डॉ. हेना चंद्रा, संजू निषाद, मंडल अध्यक्ष राजू वर्मा सहित भारी संख्या में स्थानीय भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Related articles

Bihar

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest posts